हरियाणा में जल्द होगा ग्लोबल सिटी इन्वेस्टर समिट, MNC कंपनिया होंगी शामिल, जानें क्या है उद्देश्य?
नायब सिंह सैनी सरकार जून महीने में एक बड़े निवेशक सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है. इसे लेकर सरकार का मुख्य उद्देश्य है गुरुग्राम में विकसित की जा रही अत्याधुनिक ग्लोबल सिटी वह निवेश इकट्ठा कर सकें.

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने की तैयारी में जुट गई है. इसी दिशा में नायब सिंह सैनी सरकार जून महीने में एक बड़े निवेशक सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है. इस सम्मेलन की खास बात ये है कि इसमें में देश की प्रमुख कंपनियों के साथ-साथ मल्टीनेशनल कंपनियों के प्रेजेंटर को भी इनवाइट किया जाएगा. वहीं इसे लेकर सरकार का मुख्य उद्देश्य है गुरुग्राम में विकसित की जा रही अत्याधुनिक ग्लोबल सिटी वह निवेश इकट्ठा कर सकें.
कैबिनेट बैठक में मिलेगी मंजूरी
सरकार इस आयोजन से पहले नई औद्योगिक नीति 2026 को लागू करने की तैयारी कर रही है. बताया जा रहा है कि नीति का कच्चा रूप (Draft) लगभग तैयार हो चुका है और अगले 10 से 15 दिनों के भीतर होने वाली कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी मिल सकती है. इसके बाद नई औद्योगिक नीति की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों संग की चर्चा
नई नीति को अंतिम रूप देने से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपतियों और कारोबारियों के साथ दो दिनों तक विस्तृत चर्चा की थी. इस दौरान उद्यमियों द्वारा दिए गए कई महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सुझावों को नीति में शामिल किया गया है. बता दें, राज्य में शहरी निकाय चुनावों की मतगणना पूरी होने के बाद कभी भी कैबिनेट बैठक की तारीख घोषित की जा सकती है.
दूसरे चरण पर काम जारी
हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि जून में होने वाले सम्मेलन का केंद्र नई औद्योगिक नीति ही होगी. सम्मेलन के दौरान उद्यमियों को सरकार की नई योजनाओं और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के सेक्टर 36 और 37 में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी का पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण पर तेजी से काम जारी है.
सरकार की योजना
सरकार की योजना है कि अधिक से अधिक उद्योगों को ग्लोबल सिटी में अपने प्लांट और कार्यालय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए. इसके तहत निवेशकों को विभिन्न प्रकार की रियायतें और सुविधाएं देने की भी तैयारी है. राव नरबीर सिंह के अनुसार, ग्लोबल सिटी में बड़े स्तर पर निवेश आने से राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे. हालांकि निवेशक सम्मेलन की तारीख और स्थान को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.


