दिल्ली-यूपी से बिहार तक मौसम का हाई-अलर्ट, IMD ने जारी की 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 17 राज्यों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है.

नई दिल्ली: मौसम के बदलते मिजाज के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के बड़े हिस्से के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 17 राज्यों में आज कुदरत का दोहरा रूप देखने को मिल सकता है.
गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन राज्यों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश, आसमानी बिजली गिरने और 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफानी हवाएं चलने की आशंका है.
दिल्ली-एनसीआर और यूपी में आंधी का अलर्ट
देश की राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. यहां तेज धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है जिससे पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में गिरावट आएगी.
उत्तर प्रदेश के करीब 22 जिलों में मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है. यूपी के इन जिलों में तेज रफ्तार हवाओं के साथ पानी बरसेगा हालांकि कुछ चुनिंदा शहरों में बारिश के बाद भी उमस और तपिश का दौर बना रह सकता है.
बिहार में आसमानी बिजली का कहर
बिहार के 18 से अधिक जिलों में मानसून पूर्व की गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है. आईएमडी ने इन जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ गंभीर बिजली गिरने की चेतावनी दी है. इस दौरान चलने वाली हवाएं फसलों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सख्त हिदायत दी है कि बिजली चमकने या बादल गरजने के दौरान वे खुले आसमान, खेतों या पेड़ों के नीचे न जाएं.
अन्य राज्यों के मौसम का हाल
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक है. यहां तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि होने की आशंका है जिससे पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है.
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के मौसम का हाल
सभी प्रभावित राज्यों के नागरिकों को मौसम के अपडेट पर नजर रखने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे मैदानी राज्यों में चिलचिलाती धूप के बीच धूलभरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी
दक्षिण भारत के केरल में मानसून के कारण कई पेड़ उखड़ गए और वाहनों और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है. हालात की गंभीरता को देखते हुए आईएमडी ने मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड सहित पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है.
कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में एल नीनो का असर
भीषण गर्मी से जूझ रहे देश के लिए राहत की खबर है. दक्षिण-पश्चिम मानसून भारतीय भूभाग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. 4 जून, गुरुवार को केरल के रास्ते दस्तक देने के बाद अब यह पूरे दक्षिण और तटीय भारत में सक्रिय हो चुका है. शनिवार, 6 जून तक मानसूनी हवाएं कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कई हिस्सों में प्रवेश कर चुकी हैं.
दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश
इसके प्रभाव से कई इलाकों में व्यापक बारिश दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मानसूनी सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है. जिसके चलते आगामी दिनों में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है.


