Weather Alert: दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का खतरा, IMD ने जारी किया अलर्ट
देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान का खतरा बढ़ गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी लेकिन सतर्क रहने की जरूरत भी है.

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है. तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है, लेकिन तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ गया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. राजधानी दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
पश्चिमी विक्षोभ का असर, बढ़ेगा खतरा
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में भूस्खलन और हिमस्खलन की आशंका जताई गई है. तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी और न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम (8 से 11 अप्रैल)
दिल्ली-एनसीआर में 8 अप्रैल को येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान तेज हवा, बादल और बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है. 9 अप्रैल को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने के आसार हैं. तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है. जयपुर और शेखावाटी क्षेत्र में 30 से 50 मिमी तक बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है.
9 अप्रैल के बाद मौसम शुष्क होने लगेगा और 10 अप्रैल से तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
मध्य प्रदेश में गरज-चमक और तेज हवाएं
मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट है. ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं.
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, बरेली, लखनऊ, कानपुर समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.
बिहार में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश
उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, कांगड़ा और कुल्लू में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है.
पंजाब-हरियाणा में बदलेगा मौसम
हरियाणा के अंबाला, पंचकुला, रोहतक और पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला समेत कई शहरों में हल्की बारिश की संभावना है. चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम रह सकता है.
महाराष्ट्र और गुजरात में भी असर
गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 8 और 9 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी.
तमिलनाडु-पुडुचेरी में राहत की बारिश
तमिलनाडु और पुडुचेरी में निम्न दबाव प्रणाली के कारण 12 अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना है. चेन्नई समेत कई इलाकों में मध्यम बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि तापमान में 3 डिग्री तक वृद्धि भी संभव है.


