नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. केरल में तय समय पर मॉनसून की धमाकेदार दस्तक के साथ ही देश के बड़े हिस्से में प्री-मॉनसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है. 4 जून को दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में आई तेज आंधी और झमाझम बारिश ने जहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत दी.
आंधी-तूफान और बारिश
कई इलाकों में भारी तबाही भी मचाई है. जगह-जगह पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आज 5 जून को भी आंधी-तूफान और बारिश का यह दौर जारी रहेगा और विभाग ने देश के 19 राज्यों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली-एनसीआर में पारा 19 डिग्री गिरा
बीती रात हुई भीषण बारिश के बाद देश की राजधानी दिल्ली के तापमान में 19 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है. जिससे पूरा मौसम खुशनुमा हो गया है. आज 5 जून को भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पूरे दिन घने बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर तक तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश और बिजली कड़कने की पूरी संभावना है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आगामी 6 जून को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा. जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में आंधी-बिजली का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज मौसम विभाग ने भारी तबाही की आशंका जताते हुए 38 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. इसमें से 21 जिलों में गंभीर स्थिति को देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' और 17 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. इस दौरान सूबे में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका है.
बिहार और झारखंड में ओले गिरेंगे
बिहार और पड़ोसी राज्य झारखंड के मौसम में भी आज भारी उथल-पुथल देखने को मिलेगी. मौसम विभाग ने बिहार की कुछ जगहों पर तेज आंधी के साथ ओले गिरने की आशंका जताई है. वहीं रांची, धनबाद, बोकारो, जामताड़ा, दुमका, साहेबगंज, सरायकेला, गिरिडीह और पलामू जैसे क्षेत्रों में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश हो सकती है, जहां हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है.
अगले 3 से 5 दिन तक कैसा रहेगा देश का हाल?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 3 दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में आंधी-बारिश का यह सिलसिला थमेगा नहीं. विशेष रूप से उत्तर-पूर्वी भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक अत्यंत भारी से भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है. जिससे वहां बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। पूर्वी राज्यों में बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. First Updated : Friday, 05 June 2026