मॉनसून की एंट्री पर IMD का बड़ा अपडेट, इन 4 राज्यों में अभी और झुलसाएगी गर्मी
राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में है. बाड़मेर में पारा 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों का हाल बेहाल है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी राजस्थान में अगले एक हफ्ते तक तेज लू और झुलसा देने वाली गर्म हवाएं जारी रहेंगी.

नई दिल्ली: उत्तर भारत में इस समय भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है. राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. हालात ऐसे हैं कि लोगों का दिन में घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गर्मी से जूझ रहे लोगों को मॉनसून को लेकर राहतभरी खबर दी है.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस सप्ताह के अंत तक भारत में दस्तक दे सकता है. वहीं दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि उत्तर भारत में फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम बताए गए हैं.
बंगाल की खाड़ी में बढ़ी हलचल, मॉनसून की एंट्री के संकेत
IMD ने बुधवार को राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम अगले दो दिनों में और मजबूत हो सकता है. विभाग का कहना है कि इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच सकता है. इसे मॉनसून की शुरुआत का बड़ा संकेत माना जा रहा है.
राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट
मैदानी इलाकों में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक हफ्ते तक पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्म हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा पूर्वी राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी अगले 4 से 5 दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहने की संभावना है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
जहां उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 13 से 18 मई के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में भी मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 15 मई से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है.
मछुआरों और किसानों के लिए जारी की गई सलाह
खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को 16 मई तक बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में न जाने की सलाह दी गई है. वहीं किसानों से कहा गया है कि वे अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें और खेतों में पानी निकासी के उचित इंतजाम करें. आम लोगों को भी तेज धूप से बचने, ज्यादा देर बाहर न रहने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी गई है.


