सावन में बाबा धाम जाने वालों के लिए खुशखबरी, क्यू कॉम्प्लेक्स में सामान रखने के लिए मिलेगा लॉकर रूम
सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण और दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगती हैं और चोरी जैसी घटनाए देखने को मिलती है. वहीं अब इसी समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने क्यू कॉम्प्लेक्स में लॉकर रूम बनाने का फैसला लिया है.

रांची: झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. बता दें, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल यह मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र माना जाता है और खासकर सावन महीने में यहां श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है. ऐसे में भक्तों को कई तरह की सुविधाओं की जरूरत पड़ती है. हालांकि इस बार सावन शुरू होने से पहले ही प्रशासन द्वारा यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था की गई है.
श्रद्धालुओं की शिकायतें होंगी दूर
दरअसल, सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण और दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगती हैं. इतना नहीं नहीं कई बार श्रद्धालुओं को घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है और इस दौरान उनके पास मोबाइल फोन, पर्स, जरूरी दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान जैसी कई चीजें होती है. इस दौरान भीड़ अधिक होने के कारण सामान खोने या चोरी होने का डर बना रहता है और हर साल मोबाइल और पर्स चोरी होने की कई शिकायतें भी सामने आती हैं.
लॉकर रूम बनाने का फैसला
वहीं अब इसी समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने क्यू कॉम्प्लेक्स में लॉकर रूम बनाने का फैसला लिया है. यह क्यू कॉम्प्लेक्स बाबा मंदिर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित है और यहां श्रद्धालु अपने मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड, चाबियां और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित रख सकेंगे.
लॉकर में सामान जमा करने के बाद श्रद्धालुओं को एक कूपन दिया जाएगा और इस कूपन की मदद से वे दर्शन और पूजा के बाद अपना सामान वापस प्राप्त कर सकेंगे. इससे उन्हें मंदिर में दर्शन के दौरान अपने सामान की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा कर सकेंगे.
सामान चोरी जैसी घटनाओं में आएगी कमी
मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से चोरी और सामान गुम होने की घटनाओं में कमी आएगी. इसके साथ ही श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिलेगा. फिलहाल इस सुविधा के लिए कोई शुल्क लिया जाएगा या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय होना बाकी है. अधिकारियों के अनुसार सावन मेले की शुरुआत से पहले लॉकर रूम पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा, ताकि बाबा धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके.


