रांची: झारखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. बता दें, पार्टी ने पहले ही चुनाव मैदान में उम्मीदवार उतारने का फैसला कर लिया है और अब प्रत्याशी के नाम को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है. माना जा रहा है कि गुरुवार को भाजपा अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है.
सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता राज्यसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं. इसके साथ ही भाजपा की ओर से संभावित नामों की एक विस्तृत सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई थी. जानकारी के अनुसार, इस सूची में करीब 13 नेताओं के नाम शामिल थे, जिनमें से अब तीन नामों को अंतिम चरण के लिए चुना गया है.
बताया जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने इन तीन नामों पर सहमति बनाई है. इस दौरान संभावित उम्मीदवारों में वर्तमान राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश का नाम भी चर्चा में है, जिनका कार्यकाल पूरा होने वाला है. इसके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और रांची की पूर्व मेयर आशा लकड़ा के नाम भी चर्चा में बने हुए है.
हालांकि अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के हाथ में है. राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व प्रदेश इकाई की ओर से भेजे गए नामों के अलावा किसी अन्य चेहरे को भी मैदान में उतार सकता है. ऐसे में सभी की नजरें दिल्ली में होने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं.
बता दें, राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा केवल उम्मीदवारों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि जीत की रणनीति पर भी काम कर रही है. पार्टी के रणनीतिकार झामुमो गठबंधन के कुछ विधायकों का समर्थन हासिल करने की संभावनाओं को भी तलाश रहे हैं. यही वजह है कि चुनावी गणित को अपने पक्ष में करने के लिए विभिन्न स्तरों पर संपर्क और संवाद की कोशिशें जारी हैं.
इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने स्पष्ट किया है कि पार्टी किसी उद्योगपति या बाहरी प्रभाव वाले व्यक्ति को उम्मीदवार नहीं बनाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की परंपरा पर कायम है और राज्यसभा के लिए भी किसी कर्मठ पार्टी कार्यकर्ता को ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. First Updated : Wednesday, 03 June 2026