'₹3000 पेंशन, फ्री LPG और 20,000 लीटर मुफ्त पानी....'केरल चुनाव से पहले BJP ने जारी किया घोषणा-पत्र, जानिए क्या-क्या देंगे सुविधाएं
भाजपा नीत एनडीए ने केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना चुनावी घोषणा-पत्र जारी कर दिया है. इस पत्र में बीजेपी ने गरीबों, महिलाओं और किसानों को लेकर कई बड़े वादे किए हैं.

तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा नीत एनडीए ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणा-पत्र जारी किया. इस घोषणा-पत्र में गरीबों, महिलाओं, किसानों और आम लोगों के कल्याण पर खास ध्यान दिया गया है.
BJP का घोषणा-पत्र जारी
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने तिरुवनंतपुरम में एनडीए की एक बैठक में यह घोषणा-पत्र जारी किया. उनके साथ भाजपा के केरल प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद थे.
മാറ്റം തുടങ്ങാം…
ഇതാണ് മാറ്റം...
ഇതാണ് വികസിത കേരളം…
വികസിത കേരളം' ഓരോ മലയാളിയുടെയും ജന്മാവകാശമാണെന്ന് പ്രഖ്യാപിച്ചുകൊണ്ടുള്ള വികസിത കേരളം മാർഗരേഖ ബിജെപി ദേശീയ അധ്യക്ഷൻ ശ്രീ നിതിൻ നബിൻ ജി പ്രകാശനം ചെയ്തു.
ഇടപ്പഴഞ്ഞി RDR കൺവെൻഷൻ സെന്ററിൽ നടന്ന പരിപാടിയിൽ ബിജെപി സംസ്ഥാന… pic.twitter.com/Qfc0BLQRYT— BJP KERALAM (@BJP4Keralam) March 31, 2026
गरीबों और महिलाओं के लिए वादे
भाजपा ने गरीब परिवारों के मुखिया, विधवाओं और 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को हर महीने 3,000 रुपये की कल्याण पेंशन देने का वादा किया है. गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये का ‘फूड हेल्थ सिक्योरिटी कार्ड’ दिया जाएगा, जिससे वे किराने का सामान और दवाइयां खरीद सकें.
हर परिवार को हर महीने 20,000 लीटर मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराने और पाइपलाइन नेटवर्क बढ़ाने का भी वादा किया गया है. गरीब परिवारों को ओणम और क्रिसमस के मौके पर एक-एक फ्री एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे.
स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
केरल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) स्थापित करने का बड़ा ऐलान किया गया है. इससे राज्य में विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी. आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी लोगों को यूनिवर्सल हेल्थकेयर कवरेज देने का भी वादा है.
किसानों से लेकर कई अन्य वादे
किसानों की आय सुरक्षित करने के लिए सभी जरूरी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सुनिश्चित करने का वादा किया गया है. मंदिरों के बेहतर प्रबंधन के लिए देवस्वम बोर्ड में सुधार लाने और सबरीमाला, गुरुवायुर जैसे प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा पर ध्यान देने की बात कही गई है. इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने का वादा भी शामिल है.
केरल चुनाव की तारीख
केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा. नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. यूडीएफ, एलडीएफ और भाजपा तीनों दलों ने चुनावी रैलियों, रोडशो और यात्राओं को तेज कर दिया है.
भाजपा राज्य में अपनी पहचान मजबूत करने के लिए कल्याणकारी योजनाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर और धार्मिक मुद्दों पर जोर दे रही है. यह घोषणा-पत्र भाजपा को केरल में तीसरी ताकत के रूप में उभरने में मदद कर सकता है.


