ललित मोदी का विस्फोटक बयान, IPL को लेकर सनसनीखेज दावा

आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने एक दशक से ज्यादा समय के बाद विस्फोटक बयान दिया है। आईपीएल लीग से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं। सट्टेबाजी से लेकर जानलेवा हमला सब पर पूरी डिटेल में दी जानकारी

calender

नई दिल्ली : आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने भारतीय क्रिकेट से अपनी विवादित विदाई के एक दशक से भी ज्यादा समय बाद एक बड़ा खुलासा किया है। ललित मोदी ने पहली बार यह दावा किया है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क से मिली जानलेवा धमकियों की वजह से ही उन्होंने हमेशा के लिए क्रिकेट से दूरी बना ली थी। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मोदी ने कहा कि आईपीएल के शुरुआती सालों में मैच फिक्सिंग के खिलाफ उनके कड़े रुख के कारण वे सीधे तौर पर डी-कंपनी के निशाने पर आ गए थे जो एक बहुत बड़ा अंडरग्राउंड सट्टा बाजार चलाती है।

सट्टेबाजी धंधा बड़े स्तर पर 

ललित मोदी ने खुलासा किया कि आईपीएल के शुरुआती दौर में सट्टेबाजी का यह धंधा बहुत बड़े स्तर पर फैला हुआ था और इसमें दाउद इब्राहिम का भी प्रभाव था। ललित मोद ने कहा कि  'दाऊद इब्राहिम एक जाना-माना बुकी है। क्रिकेट की सट्टेबाजी उसी के इशारे पर चलती थी। उन दिनों हर मैच पर 2 बिलियन डॉलर का अंडरग्राउंड सट्टा लगता था जो आज बढ़कर हर गेम पर 4 बिलियन डॉलर (लगभग 33 हजार करोड़ रुपये) हो चुका है। यह इतना बड़ा है कि आप अंदाजा भी नहीं लगा सकते। अब कोई पूरा मैच फिक्स नहीं करता बल्कि ओवर्स और गेंदें फिक्स की जाती हैं।' मोदी ने बताया कि यह सट्टा बाजार हर गेंद के साथ अपनी दरें बदलता है।

बुकी कराते हैं कोड वर्ड में काम

पिच पर होने वाली इस स्पॉट फिक्सिंग के तौर-तरीकों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि बुकी अब खिलाड़ियों से कोड वर्ड में काम करवाते हैं। ललित मोदी ने कहा, 'यह खेल अब बहुत बारीक और एडवांस हो चुका है। कोई मैदान पर रूमाल निकालता है तो कोई किसी दूसरी तरफ हाथ घुमाता है और यह बुकीज के लिए एक इशारा बन जाता है। जब मैं आईपीएल चला रहा था तो शुरुआती तीन साल कोई फिक्सिंग नहीं हुई। मैंने बहुत से लोगों पर कड़ा एक्शन लिया उन्हें स्टेडियम से बाहर फिंकवाया और आने पर बैन लगा दिया। माफिया को मेरा यह तरीका पसंद नहीं आया। उन्होंने मुझे नजरअंदाज करने के बदले करोड़ों डॉलर का ऑफर दिया था।'

दाऊद ने कराए थे हमले

ललित मोदी ने साल 2012 का एक ऐसा हैरान करने वाला वाकया शेयर किया जो आज तक किसी के सामने नहीं आया था। उन्होंने बताया कि लंदन के एक फिक्सर ने रात के करीब 3:30 बजे उन्हें बाबा नाम के एक रसूखदार बिचौलिए के पेंटहाउस पर बुलाया। मोदी वहां पहुंचे तो बाबा ने उनसे कहा कि वे भारत छोड़ चुके हैं और अब उन्हें एक आईपीएल टीम चाहिए। जब मोदी ने कहा कि वे खुद भारत वापस नहीं जा रहे क्योंकि वहां दाऊद की तरफ से खतरा है तो बाबा ने कहा कि वह इसे एक मिनट में ठीक कर देगा। इसके बाद जो हुआ, उसने मोदी के होश उड़ा दिए। ललित मोदी ने उस खौफनाक पल को याद करते हुए बताया, 'वह बिचौलिया अपने छत पर गया, सैटेलाइट फोन निकाला और सीधे दाऊद इब्राहिम को फोन मिला दिया। उसने कहा- 'दाऊद भाई, ललित भाई आया है बात करो।' मैंने बात करने से साफ मना कर दिया तो उसने फोन स्पीकर पर डाल दिया। मैंने फिर मना किया जिसके बाद फोन के दूसरी तरफ से दाऊद ने सिर्फ इतना कहा- 'तुम उसके दोस्त हो, सब कुछ भूल जाओ अब सब खत्म हो गया है।' ललित मोदी ने आगे दावा किया कि जब उन्होंने माफिया के करोड़ों डॉलर के ऑफर्स को लात मार दी तो दाऊद इब्राहिम ने उन्हें रास्ते से हटाने के लिए एक के बाद एक तीन बार जानलेवा हमले करवाए। सिर्फ यही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लंदन की स्लोन स्ट्रीट पर उनके बेटे का अपहरण भी कर लिया गया था जिसे बाबा अवीन नाम के शख्स ने अंजाम दिया था। First Updated : Thursday, 04 June 2026