नौकरी के बहाने हिंदू लड़कियों को फंसाकर रेप, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण; भोपाल की सगी बहनें निकलीं मास्टरमाइंड
भोपाल में दो सगी मुस्लिम बहनों पर हिन्दुओं लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण, नशीली दवाओं का इस्तेमाल, बलात्कार और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगा है.

भोपाल: मध्यप्रदेश के भोपाल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दो सगी बहनों अमरीन और आफरीन पर गरीब और असुरक्षित लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण, नशीली दवाओं का इस्तेमाल, बलात्कार और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगा है. पुलिस ने दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके साथी चंदन यादव भी पकड़ा गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं.
कैसे शुरू हुआ रैकेट का खुलासा
दो अलग-अलग महिलाओं की शिकायतों से यह बड़ा गिरोह बेनकाब हुआ है. एक 21 साल की छत्तीसगढ़ की ब्यूटीशियन और एक 30 साल की भोपाल की महिला ने पुलिस को लगभग एक जैसी कहानी सुनाई. दोनों ने बताया कि नौकरी के लालच में फंसाया गया, फिर नशीली दवा मिलाकर बेहोश किया और बलात्कार किया गया. विरोध करने पर ब्लैकमेल किया जाता था.
पब में अमीर पुरुषों से मिलवाया
ब्यूटीशियन ने बताया कि नवंबर 2025 में अमरीन उसे रिश्तेदारों से मिलने के बहाने ले गई. वहां अमरीन के भाई बिलाल ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. बाद में अहमदाबाद ले जाकर यासिर नाम के व्यक्ति ने भी शोषण किया. चंदन यादव ने कई बार उत्पीड़न किया.
उसे छोटे कपड़े पहनाकर पब में अमीर पुरुषों से मिलवाया जाता था. जबरन बुर्का पहनाया गया और धर्म बदलने का दबाव डाला गया. जनवरी 2026 में वह भागकर छत्तीसगढ़ चली गई और 22 फरवरी को भोपाल लौटकर बागसेवानिया थाने में शिकायत की. वहीं दूसरी महिला, जो अमरीन के घर में काम करती थी, उसने भी यासिर, बिलाल और चंदन पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया. उसने वीडियो सबूत भी दिए.
गिरोह की कार्यप्रणाली
आरोपियों का तरीका था कि आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों को घरेलू नौकरी या अच्छी कमाई का वादा करके फंसाते थे. विश्वास जीतने के बाद नशीली दवाएं देकर शोषण करते थे. आपत्तिजनक फोटो और वीडियो से ब्लैकमेल करते थे. जबरन धर्म परिवर्तन कराकर बुर्का पहनवाते थे. यह रैकेट गुजरात और अन्य जगहों तक फैला था.
दोनों बहनें भोपाल के सागर रॉयल विला कॉलोनी में लग्जरी फ्लैट में रहती थी. पहले झुग्गी में रहने वाली ये अब अमीर जीवन जी रही थी. पड़ोसियों ने बताया कि देर रात पुरुष आते-जाते थे और बुर्का वाली महिलाएं दिखती थी.
पुलिस ने इन धाराओं से केस किया दर्ज
पुलिस ने बलात्कार, आपराधिक साजिश, ब्लैकमेल और जबरन धर्म परिवर्तन की धाराओं में केस दर्ज किया है. जांच में वित्तीय लेन-देन और डिजिटल सबूत देखे जा रहे हैं. स्थानीय हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किए हैं. एक संगठन ने जागरूकता अभियान और महिला ब्रिगेड बनाने की बात कही है. पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है.


