मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है . बैहर-मलाजखंड मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई. इस भयानक दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य जिंदा जलकर मौत का शिकार हो गए, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है. पुलिस के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका. हादसा शनिवार देर रात हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
कार चालक प्रीतम केलकर पवनी में वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं. वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पोंडी आया हुआ था. शनिवार देर रात वह अपने माता-पिता को लेकर पवनी लौट रहा था. कार में उनकी 8 साल की बेटी पूर्वी राहांगडाले भी साथ थी. केवलारी चौराहे के समीप रात करीब 11 बजे उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर पलट गई. पलटते ही कार में आग लग गई और वह आग का गोला बन गई.
आग इतनी विकराल थी कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने तक का समय नहीं मिल सका. राह चलते लोगों ने किसी तरह कांच तोड़कर पहले पूर्वी राहांगडाले को निकाला. इसके बाद कार चालक प्रीतम केलकर और उनकी मां नानाबाई केलकर को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया. राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली कि केवलारी चौराहे के पास एक वाहन में आग लग गई है. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि आग इतनी तेज थी कि तीन लोगों को बचाया नहीं जा सका. कार चालक प्रीतम केलकर के पिता नगारची केलकर, पत्नी सविता केलकर और अभि केलकर कार के अंदर ही जिंदा जल गए.
पुलिस हादसे की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा शायद थकान या नींद आने के कारण हुआ. एक मोड़ पर कार सीधे सड़क से नीचे उतर गई और दुर्घटना हो गई. हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जलकर मारे गए लोगों के अवशेषों को निकालते हुए देखा जा सकता है. फुटेज बेहद विचलित करने वाला है. First Updated : Sunday, 29 March 2026