ट्विशा शर्मा केस में नया मोड़, परिजनों ने कहा- समर्थ के परिवार को माफिया का समर्थन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो सुनवाई
ट्विशा शर्मा मामले में परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी समर्थ को बचाने की कोशिश की जा रही है और कोर्ट परिसर में सुरक्षा व प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठे हैं. परिजनों ने सीबीआई जांच, फास्ट-ट्रैक सुनवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है ताकि उन्हें जल्द न्याय मिल सके.

जबलपुर: ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और अब पीड़ित परिवार ने आरोपियों व उनके समर्थकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. परिवार का कहना है कि पूरे मामले में आरोपी समर्थ को बचाने की कोशिश की जा रही है और इसी वजह से कई घटनाएं संदिग्ध नजर आ रही हैं. परिजनों ने न्याय प्रक्रिया में तेजी लाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है.
ट्विशा के जीजा सौरभ शर्मा ने क्या कहा?
ट्विशा के जीजा सौरभ शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जबलपुर कोर्ट परिसर में जो हंगामा देखने को मिला, वह अचानक नहीं हुआ बल्कि पिछले कई दिनों से बन रहे तनावपूर्ण माहौल का परिणाम था. उनका आरोप है कि समर्थ, उसकी मां और उससे जुड़े लोग लगातार उसे कानूनी कार्रवाई से बचाने की कोशिश कर रहे हैं. सौरभ शर्मा ने दावा किया कि जिस दिन आरोपी कोर्ट पहुंचा, उस दौरान किसी को भी उससे मिलने की अनुमति नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि आरोपी एक बंद कमरे में आराम से बैठा था, जबकि वहां सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी.
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति पर इनाम घोषित हो, वह पुलिस की पकड़ से बचते हुए सीधे कोर्ट तक कैसे पहुंच गया. उनके अनुसार, आरोपी को कानून के तहत थाने में जाकर आत्मसमर्पण करना चाहिए था, लेकिन उसका सीधे अदालत पहुंचना कई तरह की शंकाएं पैदा करता है.
ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने कहा कि मामले में कार्रवाई बहुत धीमी रही है. उन्होंने बताया कि हाल ही में अदालत की ओर से कुछ अहम फैसले लिए गए हैं और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति भी मिल चुकी है. परिवार को उम्मीद है कि सीबीआई जल्द ही मामले की जांच को गति देगी. आशीष ने आरोप लगाया कि कोर्ट परिसर में आरोपी कई घंटों तक बिना किसी डर के मौजूद रहा और वहां पत्रकारों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की घटनाएं हुईं. उनके मुताबिक, यह सब दबाव बनाने और माहौल प्रभावित करने की कोशिश थी,
ट्विशा के चाचा ओकेश शर्मा ने क्या कहा?
ट्विशा के चाचा ओकेश शर्मा ने कहा कि अदालत परिसर में जो घटनाएं हुईं, वह सिर्फ सामान्य हंगामा नहीं था बल्कि शक्ति प्रदर्शन जैसा था. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों के समर्थकों ने उनके वकील तक को धमकाने की कोशिश की. परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है.
वहीं, ट्विशा की बहन स्वाति शर्मा ने मांग की है कि सीबीआई जांच जल्द पूरी हो और इस केस की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाए. उनका कहना है कि लंबे समय तक चलने वाले मामलों में पीड़ित परिवार को न्याय मिलने में देरी होती है, इसलिए आरोपियों पर जल्द कार्रवाई और त्वरित सुनवाई जरूरी है.


