ममता हुई शर्मसार! मां ने 8 साल की बेटी को ट्रेन के आगे फेंका, फिर बोली - 'इसे मत बचा...'

मध्य प्रदेश में एक मां की हैवानियत देखने को मिली. इस मां ने अपनी 8 साल की बच्ची को चलती ट्रेन के सामने धकेल दिया. सीसीटीवी कैमरे में यह पूरा वाकया कैद हो गया.

Sonee Srivastav

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम एक हैरान करने वाली घटना हुई. एक मां ने अपनी 8 साल की बेटी को चलती ट्रेन के सामने धकेल दिया. सीसीटीवी कैमरे में यह पूरा वाकया कैद हो गया. बच्ची को सिर, कमर और कंधे में गंभीर चोटें आई. बहुत खून बहने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई.

बच्ची की हालत गंभीर

बच्ची को पहले जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया. हालत बिगड़ने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार, वह अभी भी खतरे में है. बच्ची को इंजन ने टक्कर मारी और वह प्लेटफॉर्म व पटरियों के बीच फंस गई. ट्रेन गुजरने के बाद ही लोगों ने उसे बाहर निकाला. 

मां-बेटी तीन घंटे प्लेटफॉर्म पर रुकी रही

पुलिस के अनुसार, मां और बेटी प्लेटफॉर्म पर करीब तीन घंटे तक खड़ी रही. शाम करीब 7:40 बजे जब तमिलनाडु एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आई, तभी महिला ने अचानक बच्ची को पटरियों पर धकेल दिया. नर्मदापुरम जीआरपी प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया, “बच्ची को कई गंभीर चोटें आई. उसे बहुत तेज दर्द सहना पड़ा होगा. हम बस यही दुआ करते हैं कि वह ठीक हो जाए.”

मां ने लोगों से रोका बचाव

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और रेलकर्मियों ने बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. कुछ गवाहों ने बताया कि बच्ची दर्द से तड़प रही थी, लेकिन जब लोग उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे, तो मां बार-बार कहती रही कि बच्ची को न बचाएं. यह सुनकर सब स्तब्ध रह गए.

मां सरकारी कर्मचारी

मालखेड़ी इलाके की रहने वाली यह महिला सरकारी नौकरी में है. उसके पति की मौत के बाद उसे सहानुभूति के आधार पर नौकरी मिली थी. दोनों मां-बेटी अकेले रहती थी. बच्ची कक्षा 2 में पढ़ती थी. पुलिस ने बताया कि महिला पिछले कुछ सालों से मानसिक इलाज करा रही थी.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

पुलिस ने इस घटना में मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा पहलू सामने आया है. अधिकारी महिला के इलाज के रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं. परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दे दी गई है और जांच जारी है. यह घटना समाज के सामने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य की समस्या को गंभीरता से लेने की जरूरत बताती है. उम्मीद है कि बच्ची जल्द स्वस्थ हो जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो