ट्विशा शर्मा केस: CBI जांच के बीच शव मिलने वाली जगह की पहली तस्वीर आई सामने
ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच के बीच घटनास्थल की पहली तस्वीर सामने आई. वायरल हो रही तस्वीर भोपाल स्थित उस मकान की ऊपरी मंजिल की बताई जा रही है, जहां 10 मई को ट्विशा शर्मा मृत अवस्था में मिली थीं.

नई दिल्ली: भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है. जांच के बीच पहली बार उस जगह की तस्वीर सामने आई है, जहां ट्विशा का शव मिला था. इस तस्वीर के सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है. परिवार पहले ही इस मौत को संदिग्ध बताते हुए कई गंभीर सवाल उठा चुका है, जबकि अब पुलिस और अदालत दोनों स्तर पर कार्रवाई तेज होती दिखाई दे रही है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वायरल हो रही तस्वीर भोपाल स्थित उस मकान की ऊपरी मंजिल की बताई जा रही है, जहां 10 मई को ट्विशा शर्मा मृत अवस्था में मिली थीं. तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस केस को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ट्विशा की मौत के बाद से उनका परिवार लगातार इसे सामान्य मामला मानने से इनकार कर रहा है. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ट्विशा मानसिक दबाव और प्रताड़ना का सामना कर रही थीं. इसी वजह से उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
हाई कोर्ट का नोटिस पहुंचा सास के घर
वहीं, शनिवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा जारी नोटिस देने के लिए एक पुलिस अधिकारी ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के घर पहुंचे. मीडिया से बातचीत में अधिकारी ने सिर्फ इतना कहा कि नोटिस चल रहे मामले से जुड़ा है और इसे गिरिबाला सिंह को सौंपा गया है. हालांकि उन्होंने ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया. नोटिस मिलने के कुछ ही देर बाद मुख्य आरोपी समर्थ सिंह के भाई सिद्धार्थ सिंह को वकीलों की टीम के साथ घर से बाहर निकलते हुए देखा गया.
पति समर्थ सिंह पुलिस हिरासत में
मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब ट्विशा के पति समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि ट्विशा की मौत के बाद से वह करीब दस दिनों तक गायब थे. भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पुष्टि की कि समर्थ सिंह को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं एसीपी रजनीश कश्यप ने बताया कि पुलिस टीम ने समर्थ को जबलपुर से पकड़ा.
सूत्रों के अनुसार समर्थ सिंह ने पहले जबलपुर की अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस अदालत से उनकी रिमांड मांगने की तैयारी में है ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके.
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी. परिवार ने दहेज से जुड़े दबाव और उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं. परिजनों ने शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच तभी संभव है जब इसकी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए. इसी मांग को लेकर परिवार हाई कोर्ट पहुंचा था, जहां दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और निष्पक्ष जांच की अपील की गई.
बढ़ते विवाद और लगातार सामने आ रहे नए तथ्यों के बीच मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है. इससे परिवार को कुछ हद तक राहत मिली है, क्योंकि वह शुरू से ही स्वतंत्र जांच एजेंसी की मांग कर रहे थे. फिलहाल मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होनी है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस केस से जुड़े नए पहलू सामने आ रहे हैं.


