उत्तराखंड में सड़कों पर नमाज पर रोक, चारधाम यात्रा के बीच CM धामी का बड़ा फैसला

उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर कड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि धार्मिक काम सिर्फ तय जगहों पर ही होंगे और आम लोगों की आवाजाही में रुकावट डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

देहरादून: उत्तराखंड में सड़कों पर नमाज पढ़ने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है. देश भर में चल रही बहस के बीच मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि नमाज सिर्फ मस्जिदों, ईदगाहों और तय जगहों पर ही पढ़ी जानी   चाहिए. सार्वजनिक सड़कों को ब्लॉक करने और लोगों को परेशानी पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों द्वारा सड़क पर धार्मिक गतिविधियों की पैरवी की जा रही है, लेकिन सरकार इस तरह की व्यवस्था को स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट और सख्त है.

चारधाम यात्रा के बीच सरकार अलर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय उत्तराखंड में चारधाम यात्रा चल रही है और लाखों श्रद्धालु राज्य पहुंच रहे हैं. ऐसे में राज्य का माहौल शांत, व्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.

उन्होंने कहा, 'सड़कें आम जनता की आवाजाही के लिए हैं, उन्हें अवरोध या प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा.'

अराजकता फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री धामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक सड़कों को बंधक बनाकर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति, संस्कृति और अनुशासन से किसी को खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

सरकार का कहना है कि धार्मिक गतिविधियां निर्धारित स्थलों पर ही होनी चाहिए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान

इसी बीच देहरादून नगर निगम ने भी शहर के अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया. निगम की टीम ने धोरण खास क्षेत्र में निगम की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध बोर्ड, प्लाटिंग और निर्माण को हटाया.

अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के बाद जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है.

अवैध कब्जों पर सख्त रुख

हरभजवाला और रायपुर तपोवन रोड क्षेत्र में भी नगर निगम द्वारा अवैध सड़क और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. वहीं एटीएस कॉलोनी इलाके में सरकारी जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण की अनुमति भी दी गई है.

नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक या निगम की भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो