ट्विशा शर्मा मौत मामला: पुलिस ने समर्थ सिंह के लिए मांगी 7 दिन की रिमांड, भोपाल AIIMS में होगा दूसरा पोस्टमॉर्टम

पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से कहा कि समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश करने से पहले उसका मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। पुलिस का मकसद सात दिन की कस्टडी लेकर ट्विशा की मौत से जुड़े हर पहलू पर सवाल करना है।

Sachin Hari Legha

भोपाल: ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जांच की आगे की कार्रवाई की जानकारी दी है। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि ट्विशा के पति समर्थ सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस कोर्ट से उसकी सात दिन की रिमांड मांगने जा रही है ताकि मामले में गहराई से पूछताछ की जा सके।

कोर्ट में पेशी से पहले होगा मेडिकल 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से कहा कि समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश करने से पहले उसका मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। पुलिस का मकसद सात दिन की कस्टडी लेकर ट्विशा की मौत से जुड़े हर पहलू पर सवाल करना है। जांच में कई अहम बिंदुओं पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा।

जबलपुर से किया गया गिरफ्तार    

पुलिस ने बताया कि समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। लेकिन प्रक्रिया पूरी होती, उससे पहले ही भोपाल पुलिस ने जबलपुर पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया। घटना के बाद समर्थ कई दिनों तक लापता था। पुलिस ने साफ कहा कि इस दौरान जिसने भी उसे मदद की या पनाह दी, उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी।

AIIMS भोपाल में होगा दूसरा पोस्टमॉर्टम  

कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि ट्विशा का दूसरा पोस्टमॉर्टम AIIMS भोपाल में किया जाएगा। इसके लिए AIIMS दिल्ली से डॉक्टरों की एक विशेष टीम बुलाई गई है। यह फैसला ट्विशा के परिवार की मांग पर लिया गया है। परिवार ने पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे और शुरुआती जांच में गड़बड़ी का आरोप लगाया था।

ऊंचाई को लेकर विवाद को बताया मामूली  

कमिश्नर ने पहली रिपोर्ट में ट्विशा की हाइट को लेकर उठे विवाद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पूरी जांच के सामने यह एक छोटा मुद्दा है। असली फोकस मौत की वजह पता करने पर है।

सास को भेजे गए तीन नोटिस   

पुलिस ने बताया कि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह से पूछताछ की कोशिश की जा रही है। उन्हें अब तक तीन नोटिस भेजे जा चुके हैं। हालांकि गिरिबाला का कहना है कि पुलिस ने उनसे सीधे संपर्क नहीं किया। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने पहले ही गिरिबाला को मिली अग्रिम जमानत पर नोटिस जारी कर दिया है।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप   

गौरतलब है कि ट्विशा के परिवार का आरोप है कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित किया। दहेज के लिए दबाव बनाया और आत्महत्या के लिए उकसाया। परिवार ने हाई कोर्ट में स्वतंत्र जांच और दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की थी। मामला लगातार सुर्खियों में है। मध्य प्रदेश सरकार पहले ही इस केस की CBI जांच की सिफारिश कर चुकी है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो