उज्जैन महाकाल मंदिर के बगल में शुद्ध शाकाहारी होटल में पक रहा मांस-मछली! CCTV फुटेज ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर के ठीक पास स्थित एक होटल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह शुद्ध शाकाहारी है, लेकिन वायरल वीडियो में नॉनवेज दिखाया गया है.

नई दिल्ली: उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर के ठीक पास स्थित मध्य प्रदेश पर्यटन निगम (MPT) का 'सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल' इन दिनों विवाद में घिरा हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए CCTV फुटेज ने लोगों में खलबली मचा दी है.
दावा किया जा रहा है कि इस होटल में, जो पूरी तरह शुद्ध शाकाहारी होने का दावा करता है, छिपकर नॉनवेज (मांस-मछली) पकाया जा रहा है. यह होटल महाकाल मंदिर से महज 100 मीटर की दूरी पर है, जहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं.
CCTV फुटेज वायरल
सोशल मीडिया पर फैले वीडियो में कथित तौर पर होटल के किचन के CCTV फुटेज दिखाए गए हैं. वीडियो में कर्मचारियों की बातचीत सुनाई दे रही है, जैसे "मुर्गा-मछली के हाथ लगे हैं, अच्छे से हाथ धो लेना". आरोप है कि नॉनवेज पकाने के दौरान CCTV कैमरों का एंगल जानबूझकर बदल दिया जाता है ताकि कोई देख न सके.
कई लोग कह रहे हैं कि होटल का स्टाफ और अधिकारी रात में अपने लिए यह खाना बनाते और खाते हैं. यह खबर देखकर भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं, क्योंकि महाकाल क्षेत्र में नॉनवेज पूरी तरह प्रतिबंधित है.
मैनेजर का जवाब: 'दही के शोले' थे, नॉनवेज नहीं
होटल के मैनेजर सतीश पाठक ने सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है. उन्होंने कहा कि वीडियो में जो सामग्री दिखाई दे रही है, वह असल में होटल की मशहूर वेज डिश 'दही के शोले' है. इसमें पनीर, सब्जियां और दही का इस्तेमाल होता है, लेकिन वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया है.
मैनेजर का कहना है कि यह वीडियो कुछ पूर्व कर्मचारियों ने बनाया और वायरल किया है, जो 3-4 महीने पहले नौकरी छोड़ चुके हैं. वे होटल की बदनामी करना चाहते हैं.
पुलिस में FIR दर्ज
मैनेजर ने इस दुष्प्रचार के खिलाफ महाकाल थाने में FIR दर्ज कराई है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. होटल प्रशासन का कहना है कि वे महाकाल मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था का पूरा सम्मान करते हैं. होटल शुद्ध शाकाहारी है और किसी भी तरह का नॉनवेज यहां नहीं बनता.
श्रद्धालुओं की आस्था पर सवाल
महाकाल मंदिर के पास होने की वजह से यह होटल श्रद्धालुओं के बीच बहुत लोकप्रिय है. लोग इसे शुद्ध शाकाहारी मानकर यहां रुकते हैं. ऐसे में वायरल वीडियो ने कई लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. मामला अभी जांच के दौर में है. पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल होटल ने सफाई दी है और कानूनी कार्रवाई की है.


