रात को खाया बिरयानी और तरबूज, सुबह तक एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

मृतकों की पहचान 40 साल के अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी 35 साल की पत्नी नसरीन डोकाडिया और दो बेटियों आयशा, 16 साल, और जैनब, 13 साल, के रूप में हुई है। पूरा परिवार एक साथ खत्म हो गया।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की वजह से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अब महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत 

प्राप्त जानकारियों के मुताबिक मृतकों की पहचान 40 साल के अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी 35 साल की पत्नी नसरीन डोकाडिया और दो बेटियों आयशा, 16 साल, और जैनब, 13 साल, के रूप में हुई है। पूरा परिवार एक साथ खत्म हो गया। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि बाकी है।

क्या बिरयानी और तरबूज खाने से हुई मौत? 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 25 अप्रैल 2026 की रात परिवार ने घर पर रिश्तेदारों को बुलाया था। कुल 9 लोगों ने रात करीब 10:30 बजे साथ में खाना खाया। बताया जा रहा है कि खाने में बिरयानी थी। रिश्तेदार खाना खाकर अपने घर चले गए। 

वहीं इसके बाद रात 1 से 1:30 बजे के बीच परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। 26 अप्रैल 2026 की सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच चारों को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। हालत तेजी से खराब होती गई।

अस्पताल में एक-एक कर तोड़ा दम   

परिवार को पहले साबू सिद्दीक अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख उन्हें जेजे अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बचाने की हर कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। सबसे पहले सुबह करीब 10:15 बजे 13 साल की जैनब की मौत हुई। इसके बाद बाकी तीनों की हालत और बिगड़ती गई। रात करीब 10:30 बजे पति अब्दुल्ला डोकाडिया ने भी दम तोड़ दिया। एक ही दिन में हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया।

पुलिस ने शुरू की जांच 

गौरतलब है कि मुंबई पुलिस ने जेजे मार्ग थाने में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज की है। डीसीपी प्रवीण मुंढे ने बताया कि 25 अप्रैल को परिवार ने रिश्तेदारों के साथ खाना खाया था। रात में तरबूज खाने के बाद सुबह से उल्टी-दस्त शुरू हुए। पोस्टमार्टम हो चुका है। शरीर और खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी।

जबकि, स्थानीय डॉक्टर जैद कुरैशी ने बताया कि रात में अचानक तबीयत बिगड़ी थी। उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत थी। अस्पताल ले गए लेकिन बचाया नहीं जा सका। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह सिर्फ फूड पॉइजनिंग है या कुछ और? पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल पूरा इलाका सदमे में है और सच सामने आने का इंतजार कर रहा है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो