महाराष्ट्र निकाय चुनाव में महायुति की शानदार जीत, भाजपा 117 पदों के साथ सबसे आगे

महाराष्ट्र में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनावों में सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने 207 पदों पर जीत हासिल की है. वहीं, 117 पदों पर जीत हासिल करके भाजपा सबसे बड़ी विजेता के रूप में उभरी है.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

महाराष्ट्र में हुए 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में सत्ताधारी महायुति गठबंधन को बड़ी सफलता मिली है. कुल 288 निकायों में से महायुति ने 207 पदों पर कब्जा जमाया. वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) केवल 44 सीटों पर ही सिमट गई. महायुति गठबंधन में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की NCP पार्टी शामिल है. वहीं, एमवीए में कांग्रेस, शरद पवार की NCP और उद्धव ठाकरे की शिवसेना शामिल है. 

किसे मिली कितनी सीटें

महाराष्ट्र निर्वाचन आयोग (EIC) ने रविवार देर रात निकाय चुनाव रिजल्ट के अंतिम आंकड़े साझा किए. आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 117 पदों पर जीत हासिल करके सबसे बड़ी विजेता के रूप में उभरी, इसके बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 53 पदों पर और अजित पवार की NCP ने 37 पदों पर जीत हासिल की. वहीं, एमवीए गठबंधन में कांग्रेस ने 28, शरद पवार की NCP ने 7 और उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने 9 पदों पर जीत हासिल की. पंजीकृत अन्य पार्टियों ने 4 सीट, गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों ने 28 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 5 सीटों को अपने नाम किया. 

महायुति गठबंधन की स्थिति काफी मजबूत

महाराष्ट्र में 2 और 20 दिसंबर को नगर परिषद और नगर पंचायत की 288 सीटों में से 286 सीटों पर दो चरणों में मतदान हुआ था. अन्य दो नगर परिषदों में उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित किया गया था. इन परिणामों में साफ है कि महायुति गठबंधन की राज्य में स्थिति काफी मजबूत दिखाई दे रही है. 

विपक्ष ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

वहीं, विपक्षी पार्टी कांग्रेस और शिवसेना (UBT) ने महायुति गठबंधन की जीत को लेकर चुनाव आयोग पर मदद करने का आरोप लगाया है. राज्य कांग्रेस प्रमुख हर्ष वर्धन सपकाल ने बीजेपी के सहयोगियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, "बीजेपी की सफलता एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के लिए एक वेक-अप कॉल है. बीजेपी 100 प्रतिशत इन दोनों सहयोगियों को बाहर निकाल देगी."

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने किया धन्यवाद

वहीं, अंतिम परिणाम आने के कुछ समय पहले रुझान महायुति के पक्ष में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को बधाई देते हुए मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया था. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि "महाराष्ट्र विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है! नगर परिषद और नगर निगम चुनावों में भाजपा और महायुति पर भरोसा दिखाने के लिए मैं महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं। यह हमारे जन-केंद्रित विकास दृष्टिकोण में जनता द्वारा दिखाए गए विश्वास का प्रतिबिंब है."

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन को मिले समर्थन के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार जताते हुए, इस फैसले को सुशासन और विकास की जीत बताया. उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार सहित पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag