तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर, AIADMK के तीन विधायकों ने पार्टी से दिया इस्तीफा
तमिलनाडु में AIADMK के बागी नेता कहे जाने वाले सी वे शनमुगम के गुट के तीन विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. इस्तीफे के बाद विधायकों ने अभिनेता-राजनेता सी जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) में शामिल होने का फैसला किया है.

नई दिल्ली: सोमवार को तमिलनाडु की राजनीती में तब बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब AIADMK के बागी नेता कहें जाने वाले सी वे शनमुगम के गुट के तीन विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. जानकारी के अनुसार, इस्तीफे के बाद विधायकों ने अभिनेता-राजनेता सी जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) में शामिल होने का फैसला किया है.
किन तीन विधायकों ने छोड़ी पार्टी
बता दें, पार्टी छोड़ने वाले विधायकों में के. मरगथम, डी. जयकुमार और वी. सत्यभामा शामिल हैं. वहीं तीनों नेताओं ने तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा है और अब इन इस्तीफों के बाद विधानसभा में AIADMK की ताकत और कम हो गई है. इसी के साथ जहां पहले पार्टी के विधायकों की संख्या 47 थी, अब वह संख्या घटकर 44 रह गई है. हालांकि सामने आई जानकारी के अनुसार, आने वाले समय में इन सीटों पर उपचुनाव कराए जा सकते हैं लेकिन फिलहाल इसे लेकर कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
AIADMK को मिली कितनी सीटें
2026 विधानसभा चुनाव के बाद से ही AIADMK के भीतर लगातार मन मोटाव देखने को मिल रहा है। बता दें, एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली पार्टी चुनाव में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, जिसके चलते 234 सदस्यीय विधानसभा में AIADMK केवल 47 सीटें जीत सकी, जबकि विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें हासिल कर राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया. हालांकि TVK बहुमत से कुछ सीटें पीछे रह गई थी, लेकिन बाद में समर्थन जुटाकर सरकार बनाने में सफल रही.
चुनाव के बाद AIADMK के अंदर नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे. बागी नेता सी. वी. षणमुगम ने पार्टी नेतृत्व पर आरोप लगाया कि सरकार बनाने के लिए DMK से समझौते की कोशिश की जा रही थी. इसके बाद पार्टी के कई विधायकों ने खुलकर विरोध शुरू कर दिया. इतना ही नहीं फ्लोर टेस्ट के दौरान भी कई विधायकों ने पार्टी व्हिप के खिलाफ जाकर विजय सरकार के पक्ष में मतदान किया. इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि AIADMK विजय सरकार में शामिल नहीं होगी. उनके मुताबिक जनता ने राज्य में स्थिर सरकार के पक्ष में जनादेश दिया है और मौजूदा सरकार को कोई खतरा नहीं है.


