ओडिशा SCB मेडिकल कॉलेज में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की मौत की आशंका

ओडिशा के कटक में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, सोमवार सुबह SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में अचानक भीषण आग लग गई. इस घटना में कम से कम 10 मरीजों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. मौतों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. आग की लपटों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

ओडिशा के कटक में SCB मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ट्रॉमा केयर विभाग में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई है. यह दर्दनाक हादसा अस्पताल के आईसीयू में हुआ, जहां वेंटिलेटर पर भर्ती गंभीर मरीज दम घुटने के कारण नहीं बच पाए. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया.

कैसे लगी आग?

शॉर्ट सर्किट के कारण आईसीयू में धुआं भर गया. फायर ब्रिगेड ने तुरंत आग पर काबू पा लिया, लेकिन मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के दौरान कई लोगों की जान चली गई. अब तक की रिपोर्ट्स में 5 से अधिक मरीज गंभीर रूप से झुलसे हुए बताए जा रहे हैं, जबकि बाकी मरीजों को अस्पताल के अन्य वार्डों में स्थानांतरित किया गया है.

कितने मरीजों की हुई मौत? 

ट्रॉमा केयर आईसीयू में देर रात 2:30 से 3:00 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली. वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे मरीज, जो धुएं के कारण दम घुटने से मारे गए. फायर ब्रिगेड समय पर पहुंची, लेकिन गंभीर हालत के मरीजों को बचाना मुश्किल हो गया. कुछ मरीजों को अस्पताल के नए भवन में शिफ्ट किया गया है.

मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का किया दौरा 

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने तुरंत SCB मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचकर हालात देखे और प्रभावित मरीजों व उनके परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने सभी घायलों को बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

न्यायिक जांच के आदेश

ओडिशा CMO ने कहा, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने SCB मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के ट्रॉमा केयर ICU में आग लगने की दुखद घटना पर गहरा दुख जताया. मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए और अधिकारियों को प्रभावित मरीजों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करने और बिना किसी रुकावट के उनका इलाज जारी रखने का निर्देश दिया. 

CMO ने बताया, 'मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए, मुख्यमंत्री ने हर मृतक व्यक्ति के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने इलाज करा रहे मरीजों और उनके रिश्तेदारों से भी मुलाकात की और उन्हें पूरी मदद का भरोसा दिलाया. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के अधिकारियों को सभी घायल और प्रभावित मरीजों के लिए सबसे अच्छी मेडिकल केयर सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो