नेतन्याहू की मौत की अफवाहों पर विराम, कॉफी पीते हुए वीडियो से दिया संदेश
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी कर अपनी मौत की अफवाहों को फर्जी बताया और कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं.

इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को लेकर सोशल मीडिया पर हाल ही में उनकी मौत की अफवाहें तेजी से फैलने लगी थीं. इन अफवाहों के बीच खुद नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया. वीडियो में वे आराम से कॉफी पीते नजर आए और मजाकिया अंदाज में कहते दिखे, “मैं तो कॉफी के लिए ही मरा जाता हूं…”, जिससे उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और सुरक्षित हैं. इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इन खबरों को तुरंत खारिज करते हुए इन्हें 'फेक न्यूज' बताया था.
सोशल मीडिया पर क्या दावा किया गया?
सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया कि नेतन्याहू के आधिकारिक अकाउंट से एक पोस्ट हटाई गई है, जिसमें उन्होंने अपनी सुरक्षा की पुष्टि की थी. हालांकि तथ्य-जांच करने वाले संगठनों और एक्स के एआई चैटबॉट Grok ने इस दावे को भी गलत बताया. जांच में सामने आया कि उनके अकाउंट से हाल के दिनों में कोई पोस्ट हटाई ही नहीं गई थी. खाते पर किया गया ताजा पोस्ट केवल राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद से जुड़े एक ऐलान से संबंधित था.
אומרים שאני מה? צפו >> pic.twitter.com/ijHPkM3ZHZ
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) March 15, 2026
इंटरनेट पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर भी कई तरह के दावे किए गए. कुछ लोगों ने कहा कि वीडियो में नेतन्याहू के हाथ में अतिरिक्त उंगली दिखाई दे रही है, जिससे वीडियो के एडिटेड होने की बात कही जा रही थी. हालांकि ग्रोक ने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ कैमरे के एंगल और विजुअल इफेक्ट के कारण बना भ्रम था, न कि किसी तरह की छेड़छाड़ का सबूत.
इन अफवाहों को उस समय और हवा मिली जब नेतन्याहू के बेटे यायर नेतन्याहू कई दिनों तक एक्स पर सक्रिय नहीं दिखे. उनकी चुप्पी को लेकर कुछ लोगों ने परिवार में किसी अनहोनी की अटकलें लगानी शुरू कर दीं. हालांकि ऐसी किसी घटना का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है और प्रधानमंत्री कार्यालय ने दोबारा पुष्टि की कि नेतन्याहू पूरी तरह सुरक्षित हैं और अपने दायित्व निभा रहे हैं.
नेतन्याहू के खिलाफ कड़ा बयान
इसी बीच इस्लामिक क्रांतिकारी गार्ड कोर यानी ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने नेतन्याहू के खिलाफ कड़ा बयान जारी किया. संगठन ने अपने आधिकारिक समाचार पोर्टल पर उन्हें “बच्चों का हत्यारा अपराधी” बताते हुए कहा कि यदि वह जीवित हैं तो उन्हें खोजकर मारने की कोशिश जारी रहेगी.
दरअसल यह पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा हुआ है. संयुक्त अमेरिकी-इजरायली हमलों के बाद ईरान में हालात और बिगड़ गए थे, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत की खबर भी सामने आई. इसके जवाब में ईरान ने अमेरिकी ठिकानों और इजराइल के शहर तेल अवीव समेत मध्य पूर्व के कई स्थानों पर हमले किए.
हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सैन्य क्षमता लगभग खत्म हो चुकी है और युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है, लेकिन क्षेत्र में अभी भी तनाव बना हुआ है और हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं.


