भारत में अब गैस टेंशन खत्म, 46 हजार टन LPG लेकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकला भारतीय जहाज
मार्शल द्वीप में रजिस्टर्ड इस जहाज पर कुल 20 क्रू मेंबर हैं, जिनमें 18 भारतीय हैं। जहाज में करीब 46 हजार मीट्रिक टन LPG लदी है। मिडिल ईस्ट में टकराव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आशंका के बावजूद सरकार ने साफ किया कि सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं।

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए बड़ी राहत की खबर है। LPG लेकर आ रहा भारतीय जहाज MT सर्व शक्ति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित पार कर चुका है। सरकार ने बताया कि यह जहाज 13 मई को विशाखापट्टनम बंदरगाह पहुंच जाएगा। यानी गैस सप्लाई में कोई रुकावट नहीं आएगी।
सुरक्षित हैं सभी 18 भारतीय नाविक सवार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मार्शल द्वीप में रजिस्टर्ड इस जहाज पर कुल 20 क्रू मेंबर हैं, जिनमें 18 भारतीय हैं। जहाज में करीब 46 हजार मीट्रिक टन LPG लदी है। मिडिल ईस्ट में टकराव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आशंका के बावजूद सरकार ने साफ किया कि सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में किसी भी भारतीय जहाज के साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। होर्मुज जलमार्ग से भारत की बड़ी ऊर्जा जरूरतें पूरी होती हैं, इसलिए इस जहाज का सुरक्षित निकलना काफी अहम है।
सरकार की 24 घंटे निगरानी
प्राप्त जानकारियों के मुताबिक पोत परिवहन मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, विदेशों में भारतीय दूतावास और समुद्री क्षेत्र से जुड़े सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। मकसद है कि भारतीय नाविक सुरक्षित रहें और जहाजों की आवाजाही बिना रुकावट जारी रहे।
डीजी शिपिंग का कंट्रोल रूम लगातार हालात पर नजर रख रहा है। अब तक हजारों फोन कॉल और ईमेल का जवाब दिया जा चुका है। पिछले 24 घंटों में भी कई लोगों ने मदद के लिए संपर्क किया, जिनकी तुरंत मदद की गई।
3 हजार नाविकों की सुरक्षित वापसी
भारत सरकार ने बताया कि खाड़ी देशों से अब तक करीब 3,000 भारतीय नाविकों को सुरक्षित भारत लाया जा चुका है। देश के सभी बड़े बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य है। कहीं भी भीड़ या जहाजों की देरी की खबर नहीं है। बंदरगाह पूरी क्षमता से चल रहे हैं।
पेट्रोलियम मंत्रालय का बड़ा बयान
गौरतलब है कि पेट्रोलियम मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि हालात जैसे भी हों, समुद्री सुरक्षा और जहाजों की आवाजाही बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी है। मंत्रालय ने कहा कि भारत की ऊर्जा सप्लाई चेन को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
MT सर्व शक्ति के 13 मई 2026 को पहुंचने से घरेलू LPG की उपलब्धता बनी रहेगी। मिडिल ईस्ट संकट के बीच यह खबर आम लोगों और इंडस्ट्री दोनों के लिए राहत भरी है। सरकार का कहना है कि वह हालात पर पैनी नजर रखे हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने को तैयार है।


