क्या ताइवान को बेचने जा रहे डोनाल्ड? दुनिया की नजर ट्रंप-शी पर

ताइवान मुद्दे पर अमेरिका-चीन बातचीत की अटकलों के बीच चेतावनी दी गई है कि किसी भी समझौते से अमेरिका की साख, सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, ताइवान पर नरमी दिखाने से चीन मजबूत होगा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ सकती है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

अमेरिका और चीन के बीच ताइवान को लेकर संभावित बातचीत की खबरों ने वैश्विक राजनीति में हलचल तेज कर दी है. विशेष रूप से उस समय जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping के बीच इस मुद्दे पर किसी तरह की बातचीत की अटकलें लगाई जा रही हैं. इस घटनाक्रम को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंताएं जताई जा रही हैं और कई विश्लेषक इसे बेहद संवेदनशील स्थिति मान रहे हैं.

अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में क्या चेतावनी दई गई? 

एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि यदि अमेरिका ताइवान के मुद्दे पर नरमी दिखाता है या कोई समझौता करता है तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, यह केवल एक कूटनीतिक फैसला नहीं होगा, बल्कि इससे अमेरिका की वैश्विक साख, उसकी सुरक्षा नीतियों और आर्थिक हितों पर गहरा असर पड़ सकता है. ताइवान को लेकर अमेरिकी रुख को उसकी विदेश नीति की एक महत्वपूर्ण परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है.

ताइवान एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका की रणनीतिक नीति का एक अहम स्तंभ माना जाता है. यदि अमेरिका इस द्वीप की सुरक्षा या उसकी अंतरराष्ट्रीय स्थिति को लेकर समझौता करता है तो उसके सहयोगी देशों जैसे जापान, दक्षिण कोरिया और फिलीपींस के बीच भरोसा कमजोर पड़ सकता है. ये देश लंबे समय से अमेरिका के सुरक्षा आश्वासनों पर निर्भर रहे हैं. ऐसे में अमेरिकी रुख में बदलाव से पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ताइवान को कमजोर करने का सीधा फायदा चीन को मिलेगा. इससे चीन की क्षेत्रीय ताकत में वृद्धि हो सकती है और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में उसका प्रभाव और मजबूत हो जाएगा. इस स्थिति में शक्ति संतुलन बिगड़ सकता है, जो वैश्विक राजनीति के लिए चिंता का विषय होगा.

क्या है ताइवान का महत्व? 

आर्थिक दृष्टि से भी ताइवान का महत्व बेहद बड़ा है. यह दुनिया में सेमीकंडक्टर उत्पादन का प्रमुख केंद्र है और वैश्विक तकनीकी उद्योग इसकी आपूर्ति पर काफी हद तक निर्भर करता है. अगर चीन को ताइवान पर नियंत्रण या प्रभाव बढ़ाने का मौका मिलता है, तो इसका असर सीधे तौर पर वैश्विक सप्लाई चेन पर पड़ेगा. इससे अमेरिका की तकनीकी बढ़त को नुकसान हो सकता है, खासकर उस समय जब वह चीन के साथ तकनीकी प्रतिस्पर्धा में आगे रहने की कोशिश कर रहा है.

घरेलू राजनीति के लिहाज से भी यह मुद्दा ट्रंप के लिए चुनौती बन सकता है. अमेरिका में दोनों प्रमुख राजनीतिक दल ताइवान के समर्थन में रहे हैं. ऐसे में यदि इस मुद्दे पर कोई समझौता होता है तो ट्रंप के विरोधी इसे उनकी कमजोरी के रूप में पेश कर सकते हैं. इससे उनकी राजनीतिक छवि पर भी असर पड़ सकता है.

अमेरिका की विश्वसनीयता पर सवाल 

इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर भी अमेरिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठ सकते हैं. जो देश अब तक अमेरिका को एक भरोसेमंद साझेदार मानते आए हैं, वे यह सोचने पर मजबूर हो सकते हैं कि संकट के समय अमेरिका उनका साथ छोड़ सकता है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ताइवान लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्रता का प्रतीक है. ऐसे में यदि अमेरिका इस मुद्दे पर पीछे हटता है, तो वह नैतिक रूप से भी कमजोर पड़ सकता है.

कुल मिलाकर, ताइवान को लेकर अमेरिका का रुख न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक संतुलन को प्रभावित करने वाला साबित हो सकता है. यही वजह है कि इस मुद्दे पर होने वाली हर संभावित बातचीत पर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो