सुनील नरेन के फैंस के लिए खुशखबरी, हैदराबाद के खिलाफ रच दिया बड़ा इतिहास

इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स के स्पिनर गेंदबाज ने सुनील नरेन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में अपना 200वां विकेट लेकर इतिहास रच दिया है.

Shraddha Mishra

इंडियन प्रीमियर लीग में सुनील नरेन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. बता दें, कोलकाता नाइट राइडर्स के इस अनुभवी स्पिनर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में अपना 200वां विकेट लेकर इतिहास रच दिया है. इसी के साथ वह आईपीएल में यह आंकड़ा छूने वाले पहले विदेशी गेंदबाज बन गए हैं. 

कहा हुआ मुकाबला 

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सुनील नरेन ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. इसी दौरान उन्होंने अपने करियर का 200वां विकेट पूरा किया. खास बात है कि आईपीएल की हिस्ट्री में सुनील नरेन से पहले भारतीय खिलाड़ी युजवेन्द्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ही इस मुकाम को हासिल कर चुके हैं. 

वहीं 2012 से लगातार कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे नरेन ने यह उपलब्धि एक ही टीम के लिए खेलते हुए हासिल की है, जो अपने आप में एक खास बात है. अब तक खेले गए 197 आईपीएल मैचों में उन्होंने 201 विकेट लिए हैं और उनका औसत 25.53 रहा है.

करियर कौन-कौन से रिकॉर्ड शामिल 

नरेन की सबसे बड़ी ताकत उनकी किफायती गेंदबाजी रही है. उनका इकॉनमी रेट 6.79 है, जो उन्हें लीग के सबसे माहिर गेंदबाजों में शामिल करता है. खास बात यह है कि वह आईपीएल इतिहास के इकलौते गेंदबाज हैं, जिन्होंने 100 से ज्यादा विकेट 7 से कम की इकॉनमी के साथ लिए हैं. उनके नाम 8 बार चार और उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है, जिसमें एक पांच विकेट हॉल और एक हैट्रिक शामिल है.

बल्लेबाजी का भी दिखा शानदार प्रदर्शन 

गेंदबाजी के साथ-साथ नरेन ने बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दिया है. उन्होंने आईपीएल में 1800 से ज्यादा रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट करीब 165 का रहा है. वह लीग के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 1000 रन और 200 विकेट का डबल पूरा किया है. टी20 क्रिकेट में भी नरेन का प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने 591 मैचों में 622 विकेट लिए हैं और इस फॉर्मेट के सबसे सफल गेंदबाजों में शुमार हैं.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो