मॉनसून पर बड़ी अपडेट: 24 घंटे में पहुंचेगा केरल, अगले 7 दिन इन राज्यों में झमाझम बारिश
उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में एक बार फिर गर्मी तेज हो गई है। कई राज्यों में लू जैसे हालात हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने मॉनसून को लेकर राहत भरी खबर दी है।

नई दिल्ली: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में एक बार फिर गर्मी तेज हो गई है। कई राज्यों में लू जैसे हालात हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने मॉनसून को लेकर राहत भरी खबर दी है। IMD के मुताबिक अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में दस्तक दे देगा।
दक्षिण भारत में अगले हफ्ते भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक केरल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। तमिलनाडु और कर्नाटक में भी भारी बारिश होगी। इस पूरे हफ्ते उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के साथ-साथ दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।
पूर्वोत्तर में भी बदलेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत में 4 जून को और 6 से 9 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। 4 से 7 जून तक असम और मेघालय में तेज बारिश के आसार हैं। 6-7 जून को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होगी। 8-9 जून को असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में 3 से 5 जून तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में बारिश होगी। 3 जून को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। 3-4 जून को तेलंगाना में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। 3 से 7 जून तक रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज हवाएं चलेंगी।
3-4 जून को केरल, माहे और लक्षद्वीप में, 6-7 जून को उत्तरी कर्नाटक में, 3 से 5 जून तक दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में, 4 से 7 जून तक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में, 5 से 9 जून तक तेलंगाना में तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।
कर्नाटक-लक्षद्वीप में बारिश का जोर
3 जून को तटीय कर्नाटक में तेज हवाओं का अलर्ट है। 3 से 8 जून तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होगी। 3 से 6 जून तक लक्षद्वीप में, 4 से 7 जून तक तटीय कर्नाटक में, 3 से 7 जून तक दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में तेज बारिश होगी। 3 से 9 जून तक केरल और माहे में बहुत भारी बारिश की संभावना है। 3 जून और 8-9 जून को तटीय कर्नाटक में, 8-9 जून को दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत का मौसम अपडेट
उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर में 3-4 जून को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। 5-6 जून को तेज हवाएं चलेंगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 6 जून तक बारिश का दौर रहेगा। पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में 3-4 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। पश्चिमी यूपी में 5 जून को, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 5-6 जून को तेज हवाएं चलेंगी।


