मुर्शिदाबाद में दिल दहला देने वाला हादसा! स्कूल वैन से टकराई तेज रफ्तार ट्रेन, 3 मासूम छात्रों की हुई मौत और कई घायल

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में गोविंदोपुर रेलवे फाटक के पास स्कूल वैन और ट्रेन की भीषण टक्कर में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.

Sonee Srivastav

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. गोविंदोपुर रेलवे फाटक के पास एक तेज रफ्तार लोकल ट्रेन स्कूल वैन से टकरा गई. इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो स्कूली बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं कई अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई.

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ. स्कूल वैन बच्चों को लेकर रेलवे फाटक पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच गई और वैन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फाटक खुला होने के कारण वाहन चालक समय रहते ट्रेन को नहीं देख सका और यह बड़ा हादसा हो गया.

पूर्वी रेलवे ने शुरू की जांच

ईस्टर्न रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना कर्ना सुबर्णा रेलवे स्टेशन के पास स्थित लेवल क्रॉसिंग पर हुई. अधिकारियों ने बताया कि स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही पूल कार रेल लाइन पार कर रही थी, तभी लोकल ट्रेन की चपेट में आ गई.

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे ने 10 सदस्यीय जांच टीम गठित कर मौके पर भेजी है. टीम यह पता लगाएगी कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई.

स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला. लोगों का आरोप है कि रेलवे फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई. उनका कहना है कि यदि फाटक समय पर बंद होता तो यह हादसा टाला जा सकता था. कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि वैन में आठ बच्चे सवार थे, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

प्रशासन और रेलवे की नजर जांच रिपोर्ट पर

हादसे के बाद रेलवे और जिला प्रशासन दोनों सक्रिय हो गए हैं. अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं. फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के पीछे तकनीकी खामी, मानवीय भूल या किसी अन्य प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार थी. तब तक पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो