बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार, राज्यसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान
जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की है कि वे बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और राज्यसभा में सीट के लिए चुनाव लड़ेंगे.

बिहार की राजनीति में गुरुवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया. इस घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
नीतीश कुमार ने किस इच्छा का जिक्र किया?
नीतीश कुमार ने अपने फैसले के पीछे उन्होंने लंबे समय से चली आ रही उस इच्छा का जिक्र किया, जिसमें वे बिहार विधानसभा के दोनों सदनों और संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनने का लक्ष्य पूरा करना चाहते हैं. नीतीश कुमार ने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह आकांक्षा रही है कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था के चारों सदनों का हिस्सा बनें.
पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) March 5, 2026
इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस बार होने वाले राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने का निर्णय लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि पिछले दो दशकों से लोगों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसी के कारण उन्हें राज्य की सेवा करने का अवसर मिला.
नीतीश कुमार ने राज्य की जनता को दिलाया भरोसा
उन्होंने लिखा कि जनता के विश्वास और सहयोग की ताकत से ही बिहार विकास और सम्मान के नए दौर में प्रवेश कर सका है. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन के लिए वे पहले भी कई बार धन्यवाद दे चुके हैं और आगे भी राज्य के विकास के लिए उनका समर्पण जारी रहेगा. नीतीश कुमार ने यह भी भरोसा दिलाया कि नई सरकार के गठन के बाद भी वे राज्य के विकास के लिए अपना सहयोग और मार्गदर्शन देते रहेंगे.
नीतीश कुमार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब हाल ही में उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार में सत्ता में वापसी की है. ऐसे में उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने से राज्य की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि यदि ऐसा होता है तो भाजपा का कोई नेता पहली बार बिहार का मुख्यमंत्री बन सकता है.
बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए आज नामांकन दाखिल करेंगे. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है.
16 मार्च को मतदान
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है. जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें जेडीयू के हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर, आरजेडी के प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह और आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है. मौजूदा विधानसभा संख्या बल को देखते हुए इन सभी सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय मानी जा रही है.


