देश की राजनीतिक हलचलों के बीच विपक्षी गठबंधन INDIA ने एक बार फिर एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक का उद्देश्य हालिया राष्ट्रीय मुद्दों पर समन्वित रणनीति बनाना और केंद्र सरकार को घेरने की योजना तय करना था.
इस बैठक में विपक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल हुए. कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी-एससीपी के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, डीएमके के सांसद तिरुचि शिवा, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी ने विपक्ष की एकता का स्पष्ट संदेश दिया.
शिवसेना सांसद संजय राउत के मुताबिक, बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और बिहार में चल रही विशेष मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया (SIR) जैसे मामलों पर गंभीर चर्चा हुई. विपक्ष का मानना है कि SIR प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और चुनाव से पहले इसकी टाइमिंग संदेहजनक है. साथ ही कश्मीर में बढ़ती हिंसा और सुरक्षा हालात पर भी गहरी चिंता जताई गई.
बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि INDIA गठबंधन संसद में इन मुद्दों को पूरी ताकत से उठाएगा. उन्होंने केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग करते हुए कहा कि यदि संसद में जवाब नहीं मिला तो विपक्ष सड़क पर उतरकर आंदोलन भी कर सकता है. गठबंधन का मकसद स्पष्ट है कि जनता के सवालों पर सरकार को जवाबदेह बनाना.
First Updated : Thursday, 07 August 2025