इजरायल यात्रा के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री, मोदी-नेतन्याहू वार्ता पर दुनिया की नजर

भारत और इजरायल के बीच संबंधों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर इजरायल रवाना हुए.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारत और इजरायल के बीच संबंधों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर इजरायल रवाना हुए. यात्रा से पहले जारी अपने बयान में प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी पर जोर देते हुए कहा कि हाल के वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों में तेजी और व्यापक विस्तार देखने को मिला है. 

प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा? 

उन्होंने कहा कि वे अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए सार्थक चर्चा को लेकर उत्साहित हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस यात्रा के दौरान विज्ञान और तकनीक, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे, जिससे साझा हितों को मजबूती मिल सके.

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए इजरायल में विशेष तैयारियां की गई हैं. इस अवसर पर इजरायल की संसद ‘नेसेट’ को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया, जिसे भारत-इजरायल की गहरी दोस्ती और साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है. संसद के अध्यक्ष आमिर ओहाना ने इसकी तस्वीर साझा करते हुए इसे दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों का सम्मान बताया. इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता यायर लैपिड ने भी प्रधानमंत्री मोदी को भारत और इजरायल के बीच मित्रता का मजबूत स्तंभ बताते हुए उनका स्वागत करने की खुशी जाहिर की.

इस यात्रा के दौरान दोनों देश अपने संबंधों को “विशेष रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक ले जाने की तैयारी में हैं. सूत्रों के अनुसार यह कदम द्विपक्षीय सहयोग में एक महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है और इससे रक्षा, तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे. खासतौर पर उन्नत रक्षा प्रणालियों के संयुक्त विकास और संकट के समय परस्पर सहयोग को और औपचारिक रूप देने की दिशा में समझौते होने की संभावना है.

कौन करेगा पीएम मोदी का स्वागत? 

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर उनका स्वागत स्वयं प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा करेंगी. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी. यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी यरूशलेम में भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे और नेसेट को संबोधित भी करेंगे, जो किसी भी विदेशी नेता के लिए एक विशेष सम्मान माना जाता है.

इसके अलावा प्रधानमंत्री इजरायल की तकनीकी उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी में भी हिस्सा लेंगे. शाम को प्रधानमंत्री नेतन्याहू उनके सम्मान में एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन करेंगे. इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने और सहयोग को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag