'परीक्षा पे चर्चा' आज, पीएम मोदी देशभर के विद्यार्थियों से करेंगे बात
पीएम मोदी शुक्रवार को देशभर के विद्यार्थियों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से संवाद करेंगे. संवाद में प्रधानमंत्री छात्रों से सीधे जुड़कर परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों, मानसिक दबाव और तनाव से निपटने के उपाय साझा करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देशभर के विद्यार्थियों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से संवाद करेंगे. इस खास संवाद में प्रधानमंत्री छात्रों से सीधे जुड़कर परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों, मानसिक दबाव और तनाव से निपटने के उपाय साझा करेंगे. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को आत्मविश्वास देना और परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया के रूप में देखने की सोच विकसित करना है.
कहां देख सकेंगे आयोजन
यह संवाद कार्यक्रम न सिर्फ पारंपरिक माध्यमों पर, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रसारित किया जाएगा. ‘परीक्षा पे चर्चा’ का यह एपिसोड ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसे सोनीलिव, अमेज़न प्राइम वीडियो और जी5 पर भी उपलब्ध रहेगा ताकि अधिक से अधिक छात्र इसे देख सकें और इससे जुड़ सकें.
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा की. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि 6 फरवरी को सुबह 10 बजे ‘परीक्षा पे चर्चा’ का 26वां संस्करण अवश्य देखें. प्रधानमंत्री ने बताया कि इस वर्ष के कार्यक्रम में परीक्षा से जुड़े कई अहम और रोचक विषयों पर चर्चा की जाएगी. इनमें खासतौर पर तनावमुक्त रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और सीखने की प्रक्रिया को आनंदमय बनाने पर जोर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि यह मंच उन्हें हमेशा प्रेरित करता है क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें देशभर के प्रतिभाशाली छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद करने का अवसर मिलता है.
‘परीक्षा पे चर्चा’ की शुरुआत कब हुई?
गौरतलब है कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी और तब से यह कार्यक्रम हर साल नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है. इस दौरान प्रधानमंत्री छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों और माता-पिता से भी बातचीत करते हैं और परीक्षा के समय आने वाले दबाव से निपटने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं.
इस साल यह संवाद एक साथ कई स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है. गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास 7, लोक कल्याण मार्ग से यह कार्यक्रम एक साथ जुड़ा रहेगा.
कार्यक्रम को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला है. ‘परीक्षा पे चर्चा’ के लिए इस वर्ष 4.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है. इसके अलावा कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में 2.26 करोड़ से ज्यादा लोगों ने भाग लिया. इस तरह कुल सहभागिता का आंकड़ा 6.76 करोड़ से भी अधिक पहुंच गया है, जो इस पहल की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है.


