'अजमेर में चादर चढ़ाने से दिक्कत', धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कांग्रेस का हमला
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के अजमेर और हिंदू समाज को लेकर दिए गए बयान ने राजस्थान की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है.
नई दिल्ली: पुष्कर में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उन्हें अजमेर में हिंदुओं द्वारा चादर चढ़ाने से आपत्ति है और उनकी इच्छा है कि पुष्कर में एक मठ बनाया जाए, जहां हिंदू आकर जुड़ें. उन्होंने सनातन धर्म को महान बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों, जैसे राम मंदिर और केदारनाथ विकास, की सराहना की. इससे पहले उन्होंने हिंदुओं से चार बच्चे पैदा करने की अपील भी की थी. उनके बयान पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने तंज कसा, जबकि प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा संतों का राजनीतिक उपयोग कर रही है. इस बयान के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है.


