पंजाब न्यूज. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवाओं को कहा कि अब पंजाब में नौकरी पाने के लिए किसी मंत्री, विधायक या जानकार का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। नौकरी सिर्फ मेहनत और मेरिट के आधार पर ही दी जाएगी, सिफारिश और रिश्वत का समय अब खत्म हो गया है। चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में 271 युवाओं को सीएम ने नियुक्ति पत्र दिए। मान ने कहा कि यह आपकी मेहनत का नतीजा है, लेकिन सरकार का नाम पारदर्शिता से रोजगार देने में चमक रहा है। अब हर काबिल युवा पंजाब सरकार परिवार का हिस्सा बन सकता है।
मान ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 55,201 नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने विरोधियों पर वार करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में नौकरी सिर्फ रिश्तेदारों और अपने चहेतों को मिलती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब काबिलियत और मेहनत ही रास्ता खोलेगी।
नौकरी पाने वाले युवाओं ने कहा कि उन्होंने सिर्फ परीक्षा दी थी और मेरिट में नाम आया। बिना सिफारिश, बिना दबाव, उन्हें नियुक्ति पत्र मिला। युवाओं की यह गवाही सुनकर मुख्यमंत्री खुद भी गदगद हो उठे और कहा यही असली बदलाव है।
मान ने कहा कि कुर्सी पर बैठकर पेन से इंसाफ करना। जायज काम के लिए जनता को भटकाना मत, तनख्वाह के साथ दुआएं भी कमाना। गरीब की दुआ और अल्लाह की रहमत ही असली तरक्की का रास्ता है, इसका कोई शॉर्टकट नहीं होता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुनिया एक रंगमंच है और हर इंसान एक किरदार निभाने आता है। नौकरी करते वक्त ऐसा किरदार निभाओ जो यादगार बन जाए। ईमानदारी और मेहनत से काम करोगे तो तरक्की की सीढ़ी जरूर चढ़ोगे। जिम्मेदारी संभालकर चलो क्योंकि गिराने वाले बहुत मिलेंगे। First Updated : Thursday, 21 August 2025