अगर विपक्ष को गरीबी का पता होता तो महिलाओं को 1000 रुपये देने का विरोध न करते - CM भगवंत सिंह मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्ष बजट चर्चा से इसलिए भागा क्योंकि वह महिलाओं को 1000 रुपये देने के ऐतिहासिक फैसले का सामना नहीं कर सकता. उन्होंने इस बजट को शहीदों के सपनों का बजट बताया.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

पंजाब : चंडीगढ़ में विधानसभा में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश पांचवें बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल सदन से इसलिए भाग गए क्योंकि उन्हें महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने की योजना का जवाब नहीं सूझ रहा. मान ने दावा किया कि उनकी सरकार ने चार साल में सभी चुनावी वादे पूरे कर दिए हैं और 2027 में फिर सत्ता में आने का पूरा विश्वास है. उन्होंने बजट को शहीद भगत सिंह और उधम सिंह के सपनों का बजट करार दिया.  

विपक्ष आम आदमी पार्टी के फैसलों से घबरा गई

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक गरीबी फैलाने वाली पार्टियां अब आम आदमी पार्टी की सरकार के फैसलों से घबरा गई हैं. जैसे ही महिलाओं को 1000-1500 रुपये देने की घोषणा हुई वे सदन छोड़कर चले गए. उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले से जानता है कि 2027 में भी भगवंत मान की सरकार बनेगी इसलिए बहस से बच रहे हैं.  

चार साल में पूरे वादे

भगवंत मान ने गर्व से कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार कोई सरकार चार साल में सभी चुनावी गारंटियां पूरी कर चुकी है. पहले की सरकारों के घोषणापत्र सिर्फ कागजी होते थे लेकिन हमने हर वादे को बजट का हिस्सा बनाकर पूरा किया. उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को जनहितैषी बजट पेश करने के लिए बधाई दी.  

महिलाओं और गरीबों के लिए बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में 97 प्रतिशत महिलाओं को मांवा-धीयां सम्मान योजना का लाभ मिलेगा. 40 लाख परिवारों को मेरी रसोई योजना के तहत मुफ्त राशन किट दी जाएगी जिसमें चीनी दाल तेल हल्दी और नमक शामिल है. 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और 881 आम आदमी क्लीनिकों में 5 करोड़ ओपीडी का रिकॉर्ड बनाया गया है. 

 स्वास्थ्य और शिक्षा पर फोकस

मान ने कहा कि पिछली सरकारें सिर्फ गलियां और नालियां बनाती थीं लेकिन हम बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा और स्वास्थ्य दे रहे हैं. पंजाब में 7 नए मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं जिससे 600 एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी. स्कूल ऑफ एमिनेंस से गरीब बच्चे जेईई और नीट पास कर रहे हैं.  

पुलिस में 10 हजार नए पद सृजित

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस में 10 हजार नए पद सृजित किए गए हैं और अब तक 64 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं. होशियारपुर में आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट तैयार है. भूजल स्तर में 57 प्रतिशत कुओं में 0 से 4 मीटर तक बढ़ोतरी हुई है. श्री आनंदपुर साहिब में गुरु तेग बहादुर विश्वविद्यालय और रविदास जी के प्रकाश पर्व पर 100 करोड़ रुपये दिए गए हैं. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो