पंजाब पुलिस की बदली तस्वीर, सामुदायिक पुलिसिंग, टेक्नोलॉजी और त्वरित कार्रवाई से बढ़ा जनता का भरोसा

पंजाब पुलिस की आधुनिक और लोक-केंद्रित पुलिसिंग का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है. लुधियाना के उद्योगपतियों और नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सामुदायिक सहभागिता और अपराध नियंत्रण की पहलों की खुलकर सराहना की है. वहीं, राज्य में बढ़ता निवेश भी बेहतर कानून-व्यवस्था पर बढ़ते भरोसे का संकेत दे रहा है.

calender

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस राज्य में सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल बनाने के लिए आधुनिक पुलिसिंग के नए मानक स्थापित कर रही है. नागरिकों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई विभिन्न पहलों का सकारात्मक असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है. विशेष रूप से पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना लोक-केंद्रित पुलिसिंग मॉडल की एक सफल मिसाल बनकर उभरा है.

उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों और आम नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है. पंजाब पुलिस के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव के नेतृत्व में अपराध-मुक्त वातावरण तैयार करने के लिए चलाए जा रहे अभियानों को समाज के विभिन्न वर्गों से समर्थन मिल रहा है.

डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में मजबूत हुई पुलिसिंग

पंजाब पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई से लेकर सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने तक कई कदम उठाए हैं. इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य लोगों का विश्वास जीतना और नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है.

डीजीपी गौरव यादव ने कहा, "पंजाब पुलिस राज्य और इसके नागरिकों की भलाई के लिए 24 घंटे समर्पित है. विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से हमने समाज के हर वर्ग के साथ मजबूत तालमेल विकसित किया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग से लेकर खुले संवाद कार्यक्रमों तक, पंजाब पुलिस हर नागरिक तक पहुंचकर उनमें सुरक्षा की भावना पैदा कर रही है."

उद्योग जगत ने की पंजाब पुलिस की सराहना

लुधियाना के उद्योगपति अनमोल सूद ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि कारोबारी समुदाय को अब पहले से अधिक सुरक्षा का एहसास हो रहा है.

उन्होंने कहा, "कारोबारी नजरिए से देखा जाए तो पंजाब पुलिस ने हमें सुरक्षा का मजबूत एहसास दिलाया है. मुझे एक घटना याद है जब कुछ असामाजिक तत्व हमारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे और पुलिस ने कुछ ही मिनटों में उन पर कार्रवाई की. यह पंजाब पुलिस के अच्छे कामों के अनेकों उदाहरणों में से एक है. लुधियाना में जिस तरह की सामुदायिक पुलिसिंग की जा रही है, वह न केवल सराहनीय है, बल्कि इसके परिणाम भी लोगों के लिए बहुत लाभकारी हैं."

उनके भाई और कारोबारी साझेदार संचित सूद ने कहा कि राज्य में अपराधों में आई कमी ने लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत किया है.

उन्होंने कहा, "अब राज्य में फिरौती के लिए फोन कॉल जैसी घटनाएं सुनने को नहीं मिलतीं. यह स्थानीय पुलिस द्वारा डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में चलाए गए विभिन्न अभियानों का परिणाम है. पुलिस सामुदायिक पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और लोगों को बिना किसी परेशानी के जीने के लिए सुरक्षित माहौल मुहैया कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है."

बेहतर कानून-व्यवस्था से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

पंजाब में लगातार बढ़ रहे निवेश को राज्य की बेहतर कानून-व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है. पिछले एक वर्ष में पंजाब ने 57,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया है और देश के प्रमुख उभरते निवेश केंद्रों में अपनी जगह बनाई है.

पंजाब पुलिस द्वारा तैयार किए गए सुरक्षित और स्थिर वातावरण ने आर्थिक गतिविधियों को गति देने और नए निवेशकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

मुख्यमंत्री भगवंत मान निवेश बढ़ाने में जुटे

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी राज्य के औद्योगिक विकास को मजबूत करने के लिए लगातार वैश्विक निवेशकों से संपर्क कर रहे हैं.

नीदरलैंड यात्रा के दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एनएक्सपी सेमीकंडक्टर्स को मोहाली में अनुसंधान एवं विकास (R&D) केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार करने का निमंत्रण दिया. वहीं, नवरत्न सीमेंट इंडस्ट्रीज ने राजपुरा के राय माजरा गांव में 250 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश से ग्रीन सीमेंट निर्माण इकाई स्थापित करने की घोषणा की है.

व्यापारिक संगठनों ने भी जताया संतोष

लुधियाना हैंड टूल्स एसोसिएशन (एलएचटीए) के अध्यक्ष सुभाष चंद्र रलहान ने कहा कि पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया ने नागरिकों और उद्योगों में सुरक्षा का माहौल मजबूत किया है.

उन्होंने कहा, "हमारे यहां सैकड़ों लोग काम करते हैं और हर किसी के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना आसान नहीं होता. शहर में लूट-पाट की घटनाओं में कमी आई है. हमने अपने इलाके में अपराधिक घटनाओं पर रोक के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की थी और पुलिस ने बहुत कम समय में समस्या का समाधान किया. ऐसी त्वरित कार्रवाई लोगों का पुलिस पर पूरा भरोसा कायम करने के लिए काफी है."

चार दशक पुराने उद्योगपति ने बताया बदलाव

करीब 40 वर्षों से लुधियाना में कारोबार कर रहे उद्योगपति अरुण शर्मा ने भी मौजूदा पुलिसिंग व्यवस्था की प्रशंसा की.

उन्होंने कहा, "मैंने राज्य के मुश्किल और अच्छे दोनों दौर देखे हैं, लेकिन मौजूदा पुलिसिंग प्रणाली वाकई सराहनीय है. किसी समस्या को लेकर पुलिस के पास जाने का डर अब खत्म हो चुका है और समस्याओं के त्वरित समाधान की प्रक्रिया लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है."

टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग को मिला नया आयाम

पंजाब पुलिस ने हाल ही में लुधियाना में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) शुरू किया है. यह केंद्र ट्रैफिक निगरानी, पुलिस कंट्रोल रूम संचालन और सर्विलांस सिस्टम को एक ही प्लेटफॉर्म पर संचालित करता है.

इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता तेज हुई है और जांच प्रक्रियाओं में भी सुधार देखने को मिला है.

'सुरक्षित पंजाब, सफल पंजाब' के लक्ष्य पर काम

लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने कहा कि पुलिस बल नागरिकों की सुरक्षा और जनसंपर्क को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा, "पंजाब पुलिस देश के सबसे बहादुर पुलिस बलों में से एक है, जो लोक कल्याण के लिए समर्पित है. पूरा पुलिस बल चौबीसों घंटे काम करता है और हम 'सुरक्षित पंजाब, सफल पंजाब' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए व्यापक योजनाओं पर काम कर रहे हैं. आधुनिक पुलिसिंग में लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है और नागरिकों का सबसे बड़ा योगदान समय पर जानकारी मुहैया कराना है. जैसे ही कोई जानकारी मिलती है, पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है."

जनभागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार संवाद

स्वपन शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा मोहल्लों, स्कूलों, डॉक्टरों, व्यापारिक संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं और अन्य वर्गों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं.

उन्होंने कहा, "विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से हमने नागरिकों के साथ खुले संवाद की पहल की है. पुलिस द्वारा मोहल्लों, स्कूलों, डॉक्टरों, कारोबारियों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) और अन्य कई वर्गों के साथ नियमित बैठकें की जा रही हैं, ताकि आपसी संचार को बेहतर बनाया जा सके और उनकी समस्याओं का समाधान ढूंढा जा सके. लोगों से मिलने वाला फीडबैक हमें हर दिन अपने कामकाज में और सुधार करने में मदद करता है."

गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान को मिली सफलता

पंजाब पुलिस का 'ऑपरेशन गैंगस्टरां ते वार' अभियान भी संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी साबित हुआ है. सीमावर्ती राज्य होने की चुनौतियों के बावजूद पुलिस ने गैंगस्टर नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर कई आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया है.

इस अभियान के बारे में स्वपन शर्मा ने कहा, "गैंगस्टर खुद तो सुरक्षित ठिकानों पर बैठे रहते हैं, जबकि पंजाब के युवाओं को अपने गैर-कानूनी कामों के लिए इस्तेमाल करने हेतु गुमराह करते हैं. पिछले चार महीनों के दौरान पंजाब पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है. मेरी युवाओं को सलाह है कि वे पढ़ाई करें, देश की तरक्की में योगदान दें और अपने भविष्य को सवांरने पर ध्यान दें. इस अभियान ने राज्य के लोगों और पुलिस के बीच भरोसे के रिश्ते को फिर से मजबूत करने में मदद की है. यह अभियान सिर्फ अपराधियों को गिरफ्तार करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इससे पंजाब पुलिस की खुफिया और निगरानी क्षमताएं भी और मजबूत हुई हैं और नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ी है." First Updated : Thursday, 04 June 2026