NEET पेपर लीक मामले में राहुल गांधी ने PM मोदी से की बड़ी मांग, कहा ‘22 लाख बच्चों के साथ हुआ धोखा’

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है। मोदी जी धर्मेंद्र प्रधान जी को अभी हटाइए, या जवाबदेही खुद लीजिए।"

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने NEET-UG परीक्षा विवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सीधा हमला बोला है। शनिवार (16 मई 2026) को उन्होंने कहा कि NEET के 22 लाख छात्रों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप हैं। राहुल ने मांग की कि धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाया जाए, वरना जवाबदेही खुद प्रधानमंत्री लें।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी से की बड़ी मांग  

आपको बताते चलें कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है। मोदी जी धर्मेंद्र प्रधान जी को अभी हटाइए, या जवाबदेही खुद लीजिए।" उन्होंने अंग्रेजी में भी पोस्ट किया, "Modi ji, SACK Dharmendra Pradhan ji NOW।" उनका यह बयान NEET परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद आया है।

छात्रों की आत्महत्या पर भी उठाए सवाल   

शुक्रवार को भी राहुल गांधी ने सरकार को घेरा था। उन्होंने परीक्षा रद्द होने के बाद दो छात्रों की कथित आत्महत्या का जिक्र किया। राहुल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के 21 वर्षीय ऋतिक मिश्रा और गोवा के एक छात्र ने परीक्षा रद्द होने के बाद जान दे दी। उन्होंने लिखा, "ये बच्चे परीक्षा से नहीं हारे, इन्हें एक भ्रष्ट तंत्र ने मारा है। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि व्यवस्था द्वारा की गई हत्या है।"

परीक्षा घोटालों के आंकड़े रखे सामने   

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि 2015 से 2026 के बीच देश में 148 परीक्षा घोटाले हुए हैं। इस दौरान 87 परीक्षाएं रद्द हुईं और करीब 9 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि इन मामलों में अब तक सिर्फ एक केस में सजा हुई है। सीबीआई ने 17 और ईडी ने 11 मामलों की जांच की, लेकिन किसी को सजा नहीं मिली।

जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होने का आरोप   

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों में शामिल अधिकारियों और मंत्रियों पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाता। उन्होंने कहा कि अगर किसी को हटाया भी जाता है तो बाद में उसे बड़ी जिम्मेदारी दे दी जाती है। उन्होंने तंज कसा, "चोरी कराने वालों को इनाम मिलता है और परीक्षा देने वाले बच्चे जान गंवाते हैं।"

21 जून को फिर से होगी NEET-UG परीक्षा   

कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द की गई मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG अब 21 जून को दोबारा होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बीते शुक्रवार (15 मई 2026) को इसका ऐलान किया। पहले यह परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। विवाद के बाद से ही विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो