भीषण गर्मी के बीच UP समेत उत्तर भारत के इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया नया अलर्ट

इस दौरान उत्तर भारत भीषण गर्मी के चपेट में है. कई जगहों पर हीटवेव का अलर्ट है, लेकिन मौसम विभाग ने अब कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

उत्तर भारत में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 19 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का भी खतरा है, जिसके कारण 19 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है. 

पश्चिमी राजस्थान में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. उत्तर प्रदेश में भी गर्मी के बीच कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.

पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 19 से 23 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 19 से 22 अप्रैल तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की उम्मीद है. 

पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चलेगी. 23 अप्रैल को बिहार में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

दक्षिण भारत में छिटपुट बारिश

दक्षिण भारत में भी कुछ राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखी जा सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में 19 अप्रैल को गरज-बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है. केरल, तमिलनाडु और पड़ोसी क्षेत्रों में भी अगले कुछ दिनों में बिजली गिरने की संभावना है. तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में 19 अप्रैल को ओले गिरने का अलर्ट है.

फ़िलहाल भीषण गर्मी वाले इलाकों में लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचना चाहिए. बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों और यात्रा की योजना बनाते समय सतर्क रहें. तेज हवाओं और बिजली से बचाव के लिए जरूरी उपाय करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो