नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए आज का दिन राहत भरी खबर लेकर आया है. मार्च की शुरुआती गर्मी के बाद अब मौसम ने करवट ली है और राजधानी में ठंडक का एहसास होने वाला है. मौसम विभाग ने आज आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम के इस बदले रुख का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के राज्यों में भी देखने को मिलेगा. ताजा अपडेट के मुताबिक 3 अप्रैल तक गर्मी के तेवर नरम बने रहेंगे और कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में आज मौसम सुहावना रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. आज अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
इसके अलावा 30 और 31 मार्च को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. 1 अप्रैल के बाद मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन 3 अप्रैल तक तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी. अधिकतम तापमान 32 डिग्री से नीचे और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री रहने की उम्मीद है.
दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. पंजाब में 29 और 30 मार्च को गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है, जबकि 31 मार्च से 3 अप्रैल तक मौसम साफ रहने का अनुमान है.
हरियाणा में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा. चंडीगढ़ में दो दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. जम्मू-कश्मीर में आज ओले गिरने की संभावना है, जबकि 30 मार्च को भारी बारिश और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया गया है. 31 मार्च को भी अलर्ट जारी रहेगा.
हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 मार्च को गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है. वहीं उत्तराखंड में भी 31 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा.
उत्तर प्रदेश में 29 से 31 मार्च के बीच आंधी, गरज-तूफान और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा. यहां बादल छाए रहेंगे, बारिश, गरज के साथ बौछारें और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 29 से 31 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर चरम पर रहेगा.
इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. प्रभावित क्षेत्रों में जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा मंडल शामिल हैं.
मणिपुर के सभी 16 जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान बिजली गिरने, आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है. First Updated : Sunday, 29 March 2026