अलवर में ममता हुई शर्मसार! मां ने 4 साल की बेटी का गला घोंटा, फिर खुद की आत्महत्या की कोशिश
अलवर में एक मां ने अपनी 4 साल की बेटी की हत्या कर खुदकुशी की कोशिश की. सुबह घरवालों को घटना का पता चला. आखिर इस खौफनाक कदम के पीछे क्या वजह थी, यह अभी भी बड़ा सवाल बना हुआ है.

राजस्थान के अलवर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की जान ले ली और फिर खुद भी आत्महत्या की कोशिश की. यह दिल दहला देने वाली घटना राजगढ़ थाना क्षेत्र के पुराना राजगढ़ इलाके की है, जहां शुक्रवार सुबह यह मामला सामने आया.
जानकारी के मुताबिक, शीला सैनी नाम की महिला ने अपनी चार साल की बेटी गरीमा सैनी का गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने धारदार हथियार से अपने दोनों हाथ काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की. घटना का पता उस समय चला जब सुबह परिवार के लोग बच्चों को स्कूल के लिए उठाने पहुंचे. परिजनों ने जब दरवाजा खुलवाया तो अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. शीला के हाथों से खून बह रहा था और छोटी बच्ची बेहोश हालत में पड़ी हुई थी. बच्ची के गले पर गहरे निशान साफ नजर आ रहे थे.
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को किया मृत घोषित
घटना के बाद परिवार के लोग तुरंत मां और बेटी को राजगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चार साल की गरीमा को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर हालत में घायल शीला को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया गया. इस समय शीला का इलाज अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शीला और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए हैं. साथ ही बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया गया है. मृत बच्ची के ताऊ सूरज सैनी ने बताया कि पूरा परिवार एक ही घर में रहता है. सुबह करीब 6 बजे जब बच्चों को उठाने के लिए आवाज दी गई, तब यह भयावह घटना सामने आई.
पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, लेकिन अभी तक हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है. बताया जा रहा है कि शीला बार-बार अपने बयान बदल रही है, जिससे जांच और भी जटिल हो गई है.


