उदयपुर यात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, दो वंदे भारत ट्रेन को किया जाएगा बंद
रेलवे ने 15 फरवरी से उदयपुर-जयपुर और उदयपुर-आगरा कैंट वंदे भारत सेवाएं बंद करने का फैसला लिया है. कम यात्री संख्या इसके पीछे कारण बताई गई. इनकी जगह उदयपुर-असरवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत ट्रेन शुरू होगी.

उदयपुर: रेलवे ने 15 फरवरी से राजस्थान के उदयपुर से जयपुर और आगरा कैंट के लिए चलने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवाएं बंद करने का फैसला लिया. रेलवे द्वारा लिए गए इस फैसले से नियमित यात्रियों को बड़ा झटका लगा है. हालांकि रेलवे ने इन दोनों ट्रेन सेवाओं को बंद करने के साथ ही एक नई सुविधा की घोषणा भी की है, जिससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
रेलवे के अनुसार, 20979/20980 उदयपुर-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस और 20981/20982 उदयपुर-आगरा कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को 15 फरवरी से बंद करने का निर्णय लिया गया है. ये दोनों ट्रेनें सप्ताह में तीन-तीन दिन चलती थीं और तेज यात्रा के लिए जानी जाती थीं. हालांकि रेवले ने इसकी जगह एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का भी फैसला किया है.
क्यों लिया गया यह फैसला?
रेलवे से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इन रूटों पर यात्रियों की संख्या उम्मीद के अनुसार नहीं रही. कम स्टॉपेज होने के कारण बीच के शहरों के यात्रियों को इन ट्रेनों का लाभ नहीं मिल पाया. परिणामस्वरूप सवारी घटती गई, जिस कारण रेलवे को यह बड़ा फैसला लेना पड़ा.
बता दें कि रेलवे इन दिनों अलग-अलग रूटों पर ट्रेनों की कार्यप्रणाली और यात्री संख्या की समीक्षा कर रहा है. जिसके चलते जिन भी स्थानों पर मांग कम है, वहां की सेवाओं को या तो बदला जा रहा है या बंद किया जा रहा है.
नई वंदे भारत से राहत
रेल मंत्रालय ने उदयपुर के यात्रियों को पूरी तरह निराश नहीं किया है. दोनों ट्रेनों की जगह अब उदयपुर से असरवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी. इस नई सेवा को मंजूरी मिल चुकी है और इसे जल्द शुरू किया जाएगा. इससे उदयपुर और अहमदाबाद के बीच यात्रा पहले से ज्यादा तेज और आरामदायक होगी.
नई ट्रेन 26963 उदयपुर-असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6:10 बजे उदयपुर सिटी से रवाना होगी. यह जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर होते हुए सुबह 10:25 बजे असरवा पहुंचेगी. वापसी में 26964 असरवा-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 5:45 बजे चलेगी और रात 10:00 बजे उदयपुर पहुंचेगी. यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी.


