मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस के वॉशरूम में शख्स ने छोड़ा सांप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

सेंट्रल रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल ने मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस में सांप छोड़ने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

सेंट्रल रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल ने मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस में सांप छोड़ने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह चौंकाने वाली घटना 27 दिसंबर को ट्रेन संख्या 22225 में सामने आई थी, जब यात्रा के दौरान कोच सी-16 के शौचालय में एक सांप मिलने से यात्रियों और रेलवे स्टाफ में हड़कंप मच गया था.

किसी यात्री को नहीं पहुंचा नुकसान 

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए संबंधित शौचालय को बंद कर दिया और कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी. ट्रेन के सोलापुर स्टेशन पहुंचने पर विशेषज्ञों की मदद से सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.

मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ ने जांच शुरू की और ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को शौचालय में जाते और कुछ संदिग्ध गतिविधि करते हुए देखा गया. तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर जांच टीम ने आरोपी की पहचान 37 वर्षीय जगन अर्जुन भाले के रूप में की, जो नासिक जिले का निवासी है. आरपीएफ ने उसे 12 फरवरी को मुंब्रा से गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी ने स्वीकारा अपराध 

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम, 1989 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें अवैध प्रवेश, उपद्रव और यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. आरोपी को कल्याण स्थित रेलवे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की जांच के लिए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वानील नीला ने बताया कि आरपीएफ इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के इस खतरनाक कदम के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है. रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे.

इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag