29 मई को 15 राज्यों में तूफान-बारिश का रेड अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
आईएमडी ने 29 मई को दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश, ओलावृष्टि और 90 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

नई दिल्ली: देशभर में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के बीच अब मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार 29 मई के लिए देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है.
आईएमडी ने क्या बताया?
आईएमडी ने बताया कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है. इसके अलावा बिहार, झारखंड और ओडिशा सहित करीब 15 राज्यों में तूफान और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई है. कई राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना भी व्यक्त की गई है.
हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू का असर जारी रह सकता है. इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी गर्म हवाओं का प्रभाव बना रह सकता है. लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 से 31 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक कम हो सकता है.
क्षेत्रवार पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. यहां 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज और खतरनाक आंधी चलने की संभावना जताई गई है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और राजस्थान में कुछ स्थानों पर ओले गिरने और धूल भरी आंधी की संभावना है.
पूर्वी भारत में बिहार के लिए भारी बारिश और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और माहे में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है.
शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में छाए रहेंगे बादल
दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच तेज धूल भरी आंधी और बारिश हो सकती है. इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय हो चुका है और अगले कुछ दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.


