लाल किला और प्रमुख धार्मिक स्थल हाई अलर्ट पर, सुरक्षा एजेंसियों ने चेतावनी जारी की

राजधानी दिल्ली समेत देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है. खुफिया इनपुट के मुताबिक लाल किला और चांदनी चौक के मंदिर संभावित आतंकी निशाने पर हो सकते हैं, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर आतंकी साजिश को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. खुफिया इनपुट के आधार पर बताया गया है कि लाल किला और देश के प्रमुख मंदिर आतंकियों के निशाने पर हैं. एजेंसियों ने आशंका जताई है कि दिल्ली में लाल किले के सामने बम धमाका करने की साजिश रची जा रही है.

सूत्रों के मुताबिक, चांदनी चौक स्थित एक मंदिर को भी संभावित निशाना बनाया जा सकता है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि लश्कर-ए-तैयबा IED हमले की योजना बना रहा है. 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद बदले की नीयत से भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की जा सकती है.

लाल किले के सामने पहले भी हो चुका है बड़ा धमाका

पिछले साल नवंबर में लाल किले के बाहर एक भीषण कार बम विस्फोट हुआ था. विस्फोटकों से लदी कार को एक आत्मघाती हमलावर ने उड़ा दिया था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी. इस हमले ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे.

अब दोबारा उसी इलाके में धमाके की साजिश की आशंका के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है. हालिया जांच में सामने आया है कि पकड़े गए ‘सफेदपोश’ आतंकी मॉड्यूल के तार इसी साजिश से जुड़े थे.

डॉ. उमर-उन-नबी था साजिश का मास्टरमाइंड

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस साजिश का मास्टरमाइंड डॉ. उमर-उन-नबी था, जो एक और आत्मघाती हमलावर की भर्ती करने की कोशिश कर रहा था. हालांकि, संबंधित व्यक्ति ने सेब की फसल के मौसम में अपने परिवार की जिम्मेदारी का हवाला देते हुए इस साजिश से पीछे हटने का फैसला किया, जिससे यह प्रयास नाकाम हो गया.

श्रीनगर पुलिस और एनआईए की संयुक्त कार्रवाई

श्रीनगर पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मिलकर नबी द्वारा संचालित एक समानांतर आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. जांच में सामने आया कि 10 नवंबर को ऐतिहासिक लाल किले के पास विस्फोटकों से भरी गाड़ी चलाने वाला व्यक्ति भी नबी ही था. उस विस्फोट में 12 से अधिक लोगों की मौत हुई थी.

गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ में डॉक्टर से आतंकी बने नबी की भर्ती रणनीतियों का खुलासा हुआ. इन्हीं जानकारियों के आधार पर एनआईए ने शोपियां निवासी यासिर अहमद डार को गिरफ्तार किया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag