12 मैच, 9 दिन... T20 वर्ल्ड कप में आज से सुपर-8 की जंग का आगाज, जानिए पूरा शेड्यूल

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत 21 फरवरी से हो रही है. आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. हर टीम तीन मुकाबले खेलेगी और शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी.

Shraddha Mishra

टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर अब असली मुकाबलों की शुरुआत होने जा रही है. लीग चरण खत्म होते ही रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है. आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब सुपर-8 दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां सिर्फ आठ टीमें खिताब की दौड़ में बची हैं. हर मैच अब सेमीफाइनल की दिशा तय करेगा और छोटी सी गलती भी भारी पड़ सकती है. सुपर-8 चरण की शुरुआत 21 फरवरी से हो रही है. 

पहला मुकाबला पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय समयानुसार यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा. लीग स्टेज में कई रोमांचक और करीबी मुकाबले देखने को मिले. आईसीसी द्वारा पहले से तय आठ मजबूत टीमों में से सात ने अगले दौर में जगह बनाई, जबकि ऑस्ट्रेलिया बाहर हो गया और उसकी जगह जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में प्रवेश किया.

कौन-कौन सी टीमें पहुंचीं आगे?

इस बार सुपर-8 में भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे शामिल हैं. इन आठ टीमों को चार-चार के दो समूहों में बांटा गया है.
ग्रुप-1: भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे

ग्रुप-2: श्रीलंका, इंग्लैंड, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड
दोनों समूह काफी संतुलित माने जा रहे हैं. हर टीम को अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से एक-एक मैच खेलना होगा. इसे सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट कहा जाता है. दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. 

भारतीय टीम का मैच कब-कब?

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम सुपर-8 में अपना पहला मैच 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी. दूसरा मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा. तीसरा और अंतिम ग्रुप मैच 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज से खेला जाएगा. भारतीय टीम के सभी मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे.

कब से कब तक चलेंगे मैच?

सुपर-8 चरण 21 फरवरी से 1 मार्च तक चलेगा. इन नौ दिनों में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद टूर्नामेंट अपने निर्णायक दौर में पहुंचेगा. सेमीफाइनल मैच 4 और 5 मार्च को होंगे, जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा. अब हर टीम की नजर अंतिम चार में जगह बनाने पर है.

सुपर-8 और नॉकआउट मैचों का शेड्यूल

तारीख समय टीम्स वेन्यू
21 फरवरी शाम 7 बजे न्यूजीलैंड vs पाकिस्तान RPS, कोलंबो
22 फरवरी दोपहर 3 बजे इंग्लैंड vs श्रीलंका पल्लेकेले 
22 फरवरी शाम 7 बजे भारत vs साउथ अफ्रीका अहमदाबाद 
23 फरवरी शाम 7 बजे जिम्बाब्वे vs वेस्टइंडीज वानखेड़े, मुंबई  
24 फरवरी शाम 7 बजे इंग्लैंड vs पाकिस्तान पल्लेकेले 
25 फरवरी शाम 7 बजे न्यूजीलैंड vs श्रीलंका  RPS, कोलंबो
26 फरवरी दोपहर 3 बजे साउथ अफ्रीका vs वेस्टइंडीज अहमदाबाद
26 फरवरी शाम 7 बजे भारत vs जिम्बाब्वे चेन्नई
27 फरवरी शाम 7 बजे इंग्लैंड vs न्यूजीलैंड RPS, कोलंबो
28 फरवरी शाम 7 बजे पाकिस्तान vs श्रीलंका पल्लेकेले
1 मार्च दोपहर 3 बजे जिम्बाब्वे vs साउथ अफ्रीका  दिल्ली
1 मार्च शाम 7 बजे  भारत vs वेस्टइंडीज  कोलकाता
4 मार्च शाम 7 बजे पहला सेमीफाइनल  कोलंबो/कोलकाता
5 मार्च शाम 7 बजे दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े, मुंबई
8 मार्च शाम 7 बजे फाइनल  अहमदाबाद/ कोलंबो

 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag