'मम्मी आई लव यू सो मच...', हैदराबाद की 21 साल की यूट्यूबर ने की सुसाइड, मां को भेजा आखिरी मैसेज
21 वर्षीय यूट्यूबर बोनू कोमली हैदराबाद के अपने किराए के फ्लैट में मृत पाई गईं. आत्महत्या से पहले उसने कुवैत में काम करने वाली मां को दिल छू लेने वाला एक मैसेज भेजा - आई लव यू मम्मी सो मच. साथ ही छोटे भाई की देखभाल करने को कहा. यह आखिरी संदेश मां के लिए सदमा बन गया.

हैदराबाद से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय यूट्यूबर और बीएससी की छात्रा ने कथित तौर पर अपने किराए के अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली. घटना से पहले उसने अपनी मां को एक भावुक संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था- मम्मी आई लव यू सो मच. यह घटना 23 फरवरी (सोमवार) को हुई बताई जा रही है.
मृतका की पहचान कोमली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की रहने वाली थी. वह पिछले 11 महीनों से हैदराबाद में किराए के फ्लैट में रहकर एक निजी कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी. पढ़ाई के साथ-साथ वह यूट्यूब पर पर्सनल और लाइफस्टाइल से जुड़ा कंटेंट भी बनाती थी.
मां को भेजा आखिरी मैसेज
23 फरवरी की सुबह कोमली ने अपनी मां बी. सत्य वरलक्ष्मी को एक टेक्स्ट मैसेज भेजा. उस संदेश में उसने अपनी मां से छोटे भाई का ख्याल रखने के लिए कहा और लिखा, आई लव यू सो मच. यह मैसेज मिलने के कुछ ही समय बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया.
कोमली की मां, जो कुवैत में काम करती हैं. मैसे देकते ही कॉल करने की कोशिश की, लेकिन हर बार कॉल बंद आने लगा. फोन बंद आने के बाद मां को चिंता हुई और उन्होंने हैदराबाद में रहने वाले एक परिचित से कोमली के फ्लैट पर जाकर देखने को कहा.
दोस्त ने दी पुलिस को सूचना
दोपहर करीब 3 बजे वह परिचित कोमली के फ्लैट पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. काफी देर तक प्रयास करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे का कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुई. अंदर जाकर पुलिस ने कोमली का शव पंखे से लटका हुआ पाया. मौके से एक छोटी सीढ़ी और साड़ी भी बरामद की गई.
प्रारंभिक जांच में सामने आए कारण
प्रारंभिक जांच के अनुसार, कोमली हाल के दिनों में अपने रिश्ते को लेकर भावनात्मक तनाव में थी. पुलिस के मुताबिक, वह पिछले तीन वर्षों से 27 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ संबंध में थी, लेकिन हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हो गया था.
पुलिस का यह भी मानना है कि करीब छह महीने पहले भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था. फिलहाल मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने आगे की जांच के लिए सभी भौतिक और डिजिटल जांच में जुटी हुई है.


