बजट से पहले दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ने की धमकी, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता भी निशाने पर

दिल्ली विधानसभा को बजट पेश होने से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ईमेल के जरिए दी गई इस चेतावनी के बाद राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: दिल्ली में बजट पेश होने से पहले एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अलर्ट जारी हुआ है. दिल्ली विधानसभा और उसके अध्यक्ष को ईमेल के जरिए बम धमकी मिलने से राजधानी में हड़कंप मच गया है.

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब दिल्ली का बजट पेश किया जाना है, जिससे इस धमकी को और गंभीर माना जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गई हैं और पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है.

सुबह-सुबह मिले धमकी भरे ईमेल

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा को सुबह करीब 7:28 बजे एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें बम हमले की चेतावनी दी गई थी. इसके कुछ ही मिनट बाद, सुबह 7:49 बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी एक अलग धमकी भरा संदेश भेजा गया.

विधानसभा के साथ मेट्रो स्टेशन भी निशाने पर

इस धमकी में केवल विधानसभा परिसर ही नहीं, बल्कि पास स्थित विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी संभावित हमले का लक्ष्य बताया गया है. इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है.

कई बड़े नेताओं के नाम का जिक्र

ईमेल में कथित तौर पर देश के कई शीर्ष नेताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं. इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के नाम सामने आए हैं.

इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का भी उल्लेख किया गया है.

भड़काऊ भाषा और खालिस्तान का जिक्र

ईमेल में इस्तेमाल की गई भाषा को धमकी भरी और उकसाने वाली बताया जा रहा है. इसमें नेताओं से "खुद की रक्षा करने" की बात कही गई है और कथित तौर पर खालिस्तान जनमत संग्रह के समर्थन का भी उल्लेख किया गया है.

खबरों के मुताबिक, खुद को "खालिस्तानी नेशनल आर्मी" बताने वाले एक समूह ने यह धमकी दी है और दिल्ली के मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल व उपराज्यपाल को निशाना बनाया है.

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. साथ ही, विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में बम निरोधक दस्ते और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.

दिल्ली के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अधिकारी फिलहाल इस धमकी की विश्वसनीयता की जांच कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो