Weather Update: फिर लौट रही है बारिश! कश्मीर से UP तक गिरेगा पारा, IMD का बड़ा अलर्ट  

Today Weather Update: दिल्ली में हर दिन मौसम का अलग रंग देखने को मिल रहा है. इस बीच फरवरी के अंत में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 26 फरवरी से उत्तर भारत में बारिश की शुरुआत होगी, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश के आसार है.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

Today Weather: फरवरी का अंत नजदीक आते ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. दिन का तापमान बढ़ने लगा है, लेकिन बारिश और बर्फबारी के नए दौर की शुरुआत होने वाली है. दिल्ली में रविवार को तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि गोवा, कोंकण और तटीय कर्नाटक में उमस बनी रही. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने ताजा अपडेट जारी करते हुए बताया है कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में फिर से बारिश होने वाली है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 26 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है. मार्च की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी, जिससे कई राज्यों में ठंड लौट सकती है. आइए जानते हैं अगले कुछ दिनों का मौसम का हाल.  

उत्तर भारत में फिर लौटेगी बारिश  

मौसम विभाग के अनुसार, 26 फरवरी से उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश होगी. खासकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अच्छी बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी. वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में 26 फरवरी से 1 मार्च तक बारिश के आसार हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 27-28 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.  

नॉर्थ ईस्ट में जारी रहेगा बारिश का दौर  

पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में पहले से ही बारिश हो रही है. IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटों में असम, मेघालय, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में जमकर बारिश हुई है. पूर्वानुमान के अनुसार, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक गरज-तड़प के साथ बारिश होती रहेगी.  

5 दिन तक बारिश का अलर्ट  

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले 5 दिनों तक बारिश होने की संभावना है.  

- 25 फरवरी से: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश

- 26 फरवरी से 1 मार्च तक: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश  

- 27-28 फरवरी: राजस्थान और पूर्वांचल में बारिश

बढ़ रहा है तापमान, लेकिन जल्द गिरेगा पारा  

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा. IMD के अनुसार, देश के कई हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन आगामी बारिश के चलते एक बार फिर पारा गिर सकता है.  

कहां नहीं बदलेगा मौसम?  

गुजरात और महाराष्ट्र में फिलहाल मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. अगले दो दिनों तक यहां मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. फरवरी के अंत और मार्च की शुरुआत में देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा. वहीं उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलने वाला है. तापमान में गिरावट की संभावना है, जिससे फिर से हल्की ठंड का अहसास हो सकता है.  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag