ईरान-अमरीका युद्ध के बीच कश्मीर में नया बवाल! श्रीनगर एयरपोर्ट से हिरासत में 2 संदिग्ध अमेरिकी
रविवार (19 अप्रैल 2026) को श्रीनगर एयरपोर्ट पर दो अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में ले लिया गया। सुरक्षा अधिकारियों को उनके सामान की रूटीन जाँच के दौरान एक सैटेलाइट फ़ोन मिला था।

नई दिल्ली: पूरी दुनिया का ध्यान इस समय ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध पर है। आए दिन उससे जुड़ी अपडेट और खबरों ने सभी को इस मुद्दे से जोड़ रखा है। इस बीच जम्मू-कश्मीर से भी एक चोंकाने वाला मामला सामने आया है। खबर है कि वहां 2 संदिग्ध अमरीकी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।
हिरासत में 2 संदिग्ध अमरीकी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रविवार (19 अप्रैल 2026) को श्रीनगर एयरपोर्ट पर दो अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में ले लिया गया। सुरक्षा अधिकारियों को उनके सामान की रूटीन जाँच के दौरान एक सैटेलाइट फ़ोन मिला था। एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने इन लोगों से पूछताछ की और बाद में उन्हें आगे की जाँच के लिए पुलिस के हवाले कर दिया। हिरासत में लिए गए लोगों में से एक की पहचान मोंटाना के जेफ़री स्कॉट के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि सैटेलाइट फ़ोन उनके सामान से बरामद किया गया था। भारत में सरकार की पहले से अनुमति लिए बिना सैटेलाइट फ़ोन का इस्तेमाल करना मना है। इस बीच Thuraya और Iridium जैसे फ़ोन कड़े नियमों के दायरे में आते हैं। यदि किसी के पास बिना इजाज़त ये फ़ोन मिलते हैं।
तो इंडियन टेलीग्राफ़ एक्ट और दूसरे सुरक्षा नियमों के तहत उसे हिरासत में लिया जा सकता है, गिरफ़्तार किया जा सकता है और फ़ोन ज़ब्त किया जा सकता है। सुरक्षा चिंताओं की वजह से भारत में टेलीकॉम से जुड़े बहुत कड़े नियम लागू हैं। पहले भी ऐसे मामलों में विदेशी नागरिकों और भारतीय नागरिकों, दोनों के ख़िलाफ़ कार्रवाई हो चुकी है।
इस मामले से जुड़ी पहले की घटनाएं
आपको बताते चलें कि श्रीनगर वाली घटना से पहले पिछले साल मई में, पुडुचेरी एयरपोर्ट पर एक अमेरिकी नेत्र रोग विशेषज्ञ को रोक लिया गया था। उनके पास एक Iridium सैटेलाइट फ़ोन मिला था। उन्हें हैदराबाद जाने वाली फ़्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया और पुलिस ने जाँच शुरू कर दी।
अधिकारियों ने पहले भी ऐसे मामले बताए हैं जिनमें विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था। इनमें एक चीनी नागरिक और एक ब्रिटिश अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें देश भर के एयरपोर्ट और होटलों में बिना इजाज़त सैटेलाइट डिवाइस ले जाते हुए पकड़ा गया था।
गौरतलब है कि ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 30 जनवरी, 2025 को भारत आने वाली फ़्लाइट चलाने वाली एयरलाइनों को निर्देश दिया कि वे फ़्लाइट के दौरान घोषणाओं, अपने विदेशी दफ़्तरों और फ़्लाइट में मिलने वाली पत्रिकाओं के ज़रिए यात्रियों को इस पाबंदी के बारे में जानकारी दें।


