UP News: तमंचे के बल पर लूट की कोशिश नाकाम, गांववालों ने धर दबोचे बदमाश, जमकर की पिटाई

उत्तर प्रदेश के बदायूं में ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तमंचे के बल पर चोरी करने आए बदमाशों को पकड़कर लूट की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

बदायूंः उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के खितौरा गांव में दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी कोशिश नाकाम हो गई. तमंचे के बल पर बदमाशों ने बीच बाजार एक सराफा दुकान में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया. लेकिन इससे पहले वो बाइक से फरार हो पाते आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तीनों बदमाशों को पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने उनकी जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया.

इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार तीनों बदमाशों ने तमंचे के बल पर दुकानदार को डराया और सोने-चांदी के गहने व करीब पांच लाख रुपये एक बोरे में भर लिए. इसके बाद वो तमंचा दिखाकर भागने लगे. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

सर्राफा व्यापारी की चीख सुन आए ग्रामीण

हथियारबंद जब सर्राफा व्यापारी की दुकान में पहुंचे तो उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों और व्यापारी दुकान के बाहर आ गए. बदमाशों ने दुकान से लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और 5 लाख नकदी लूट ली. इसके बाद वो हथियार दिखाते हुए दुकान से निकले और बाइक पर सवार होकर फरार होने लगे. हालांकि वहां मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए तीनों बदमाशों को घेरकर पकड़ लिया.

बता दें कि उघैती क्षेत्र के गांव खितौरा निवासी लालाराम रस्तोगी बिसौली सहसवान रोड पर सर्राफ की दुकान चलाते हैं. शुक्रवार को शाम के लगभग पांच बजे बाइक सवार तीन बदमाश दुकान में आए और लालाराम को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया. इसके बाद तीनों ने अलमारी में रखे लाखों की कीमत के आभूषण और दुकान में रखे पांच लाख रुपये एक बोरी में भर लिया. लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद जब बदमाश फरार होने वाले थे तो दुकानदार ने शोर मचा दिया.

गांव वालों ने बदमाशों से छीना तमंचा 

शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों और व्यापारियों ने मौका देखते ही लूटपाट कर भाग रहे तीनों बदमाशों को पकड़ लिया. ग्रामीणों ने बदमाशों के पास से तमंचे छीन लिया और उन्हें लाठी डंडों से जमकर पिटा. मामले की जानकारी मिलने पर नरैनी चौकी एवं थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बदमाशों को पकड़कर थाने ले गई. 

पुलिस ने उनके पास से तमंचा कारतूस और बाइक बरामद की है. घटना के बाद सुरक्षा को लेकर व्यापारियों ने आक्रोश में सड़क जाम करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया. वहीं, बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो