लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज 1 जुलाई को अपना जन्मदिन मना रहे हैं. राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अखिलेश की निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. उनकी और पत्नी डिंपल यादव की प्रेम कहानी आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है.
अखिलेश यादव ने राजस्थान के धौलपुर मिलिट्री स्कूल से पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने कर्नाटक के मैसूर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की. इसी दौरान उनकी मुलाकात डिंपल यादव से हुई, जिनके पिता भारतीय सेना में कर्नल थे.
बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी. उस समय अखिलेश करीब 21 साल के थे, जबकि डिंपल 17 साल की थीं और स्कूल में पढ़ाई कर रही थीं. पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई.
इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद अखिलेश उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए. इस दौरान दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहे. उस समय मोबाइल और सोशल मीडिया का दौर नहीं था, इसलिए अखिलेश डिंपल को चिट्ठियां लिखकर अपने दिल की बातें साझा करते थे.
पढ़ाई पूरी कर भारत लौटने के बाद अखिलेश ने शादी का फैसला किया. हालांकि शुरुआत में यह रिश्ता आसान नहीं था. अलग जाति और राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उनके पिता मुलायम सिंह यादव इस विवाह के पक्ष में नहीं थे.
कहा जाता है कि अखिलेश अपने पिता से इस विषय पर खुलकर बात नहीं कर पा रहे थे. बाद में वरिष्ठ नेता अमर सिंह ने परिवार को समझाने में अहम भूमिका निभाई. आखिरकार सभी की सहमति मिलने के बाद 24 नवंबर 1999 को अखिलेश और डिंपल शादी के बंधन में बंध गए.
शादी के बाद दोनों ने अपने-अपने राजनीतिक सफर को आगे बढ़ाया. वर्ष 2012 में अखिलेश यादव 38 साल की उम्र में उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने. वहीं, डिंपल यादव भी सक्रिय राजनीति में हैं और वर्तमान में मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद हैं. दोनों के तीन बच्चे हैं और उनकी जोड़ी राजनीति की चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती है.
अखिलेश यादव के जन्मदिन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी. सोशल मीडिया पर समर्थकों और नेताओं ने उनके स्वस्थ और सफल जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन की बधाई दी. First Updated : Wednesday, 01 July 2026